- तीन दिन तक मौसम रहेगा शुष्क, बीच-बीच में हल्की बादलवाही संभव
- पलवल सबसे गर्म, जो तेज गर्मी की आहट दे रहा है
हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में गर्मी ने मार्च माह की शुरुआत में ही तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राज्य का अधिकतम तापमान 35 डिग्री के करीब पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार 7 जिलों में तापमान 33 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।
सबसे अधिक 34.3°C तापमान पलवल में रिकॉर्ड हुआ। हिसार में पारा 33.5°C, नारनौल में 33.5°C, महेंद्रगढ़ में 33.4°C, नूंह में 33.6°C, भिवानी में 34.2°C और गुरुग्राम क्षेत्र के कुछ हिस्सों में पारा 33 डिग्री से पार रहा। औसतन अधिकतम तापमान सामान्य से 6.1°C अधिक रहा, जो तेज गर्मी की आहट दे रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार 2–3 दिन तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। बीच-बीच में हल्की बादलवाही संभव है, लेकिन बारिश के आसार नहीं हैं। दिन का तापमान 34–35 डिग्री के आसपास बना रह सकता है। गर्मी बढ़ने के साथ ही लोगों को दोपहर में धूप से बचाव की सलाह दी गई है।
आज से हल्के बादल छाएंगे
चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के सीनियर साइंटिस्ट डॉ. चंद्रशेखर डागर ने बताया कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर 8 मार्च तक खुश्क परंतु परिवर्तनशील रहने की संभावना है।
इस दौरान पश्चिमी- विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 4 मार्च रात्रि से 7 मार्च के दौरान राज्य में कहीं-कहीं आंशिक बादलवाई आने की संभावना है। इस दौरान बीच-बीच में हवाओं में बदलाव आने और हल्की से मध्यम गति से हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होने और रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
सामान्य से 6 डिग्री ऊपर पहुंचा दिन का पारा
प्रदेश में दिन का तापमान तेजी से बढ़ रहा है। पलवल में 34.3°C के साथ राज्य का सबसे अधिक तापमान दर्ज हुआ। भिवानी 34.2°C, नूंह 33.6°C, हिसार व नारनौल 33.5°C, महेंद्रगढ़ 33.4°C पर रहे। चंडीगढ़ 31.4°C, अंबाला 32°C और रोहतक 31°C के आसपास रहा।
औसतन अधिकतम तापमान में 1.2°C की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह सामान्य से 6.1°C अधिक रहा। साफ आसमान और तेज धूप के कारण दोपहर के समय गर्मी का असर ज्यादा महसूस किया गया। यदि यही रुख रहा तो आने वाले दिनों में तापमान 35 डिग्री पार कर सकता है।
रात का तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक
रात का तापमान भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है। प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.8°C करनाल में दर्ज किया गया। चंडीगढ़ 13.8°C, गुरुग्राम 12.9°C, रोहतक 15.8°C और हिसार 16.4°C रहा। औसतन न्यूनतम तापमान में 0.5°C की वृद्धि दर्ज की गई और यह सामान्य से 3.7°C अधिक रहा।
रात में हल्की ठंडक जरूर महसूस हो रही है, लेकिन तापमान सामान्य से ऊपर रहने के कारण सुबह-शाम की ठिठुरन लगभग खत्म हो चुकी है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान में बहुत बड़ा बदलाव नहीं होगा।