- स्क्रीनिंग कमेटी का जिताऊ प्रत्याशी पर फोकस
हरियाणा: ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मेयर-वार्ड पार्षद के लिए लगातार आवेदन आ रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी ने भी चुनावी तैयारी को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने स्पष्ट किया कि पार्टी पूरी मजबूती और संगठनात्मक रणनीति के साथ मैदान में उतरने जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में तीन नगर निगम, तीन नगर पालिका और एक नगर परिषद के लिए चुनाव प्रस्तावित हैं, जिनको लेकर पार्टी स्तर पर चरणबद्ध तरीके से प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। चुनाव प्रभारी नियुक्त करने से लेकर वार्ड स्तर पर दावेदारों से आवेदन लेने और स्क्रीनिंग कमेटी के गठन तक की रूपरेखा तय कर ली गई है।
चुनाव प्रभारी नियुक्त, वार्ड स्तर पर मांगे आवेदन
प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने बताया कि सभी निकाय चुनावों के लिए चुनाव प्रभारियों की नियुक्ति कर दी गई है। जिला अध्यक्षों और चुनाव प्रभारियों के माध्यम से वार्ड स्तर पर चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ताओं से आवेदन मांगे गए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन के माध्यम से पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई जा रही है ताकि प्रत्येक इच्छुक और योग्य कार्यकर्ता को अवसर मिल सके।
मेयर-पार्षद के लिए 175 से ज्यादा आवेदन
सोनीपत में भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक शर्मा द्वारा बताया कि सोनीपत में मेयर पद के लिए 5 आवेदन आए हैं। वहीं दूसरी तरफ वार्ड पार्षद के लिए 170 लोगों के आवेदन मिल चुके हैं। जहां लोग लगातार आवेदन जमा करवा रहे हैं।
छंटनी और स्क्रीनिंग कमेटी की भूमिका अहम
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल ने कहा कि आवेदन प्राप्त होने के बाद उनकी छंटनी की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इसके बाद एक स्क्रीनिंग कमेटी गठित की जाएगी, जो संबंधित जिलों में जाकर दावेदारों से बातचीत करेगी और स्थानीय समीकरणों का आकलन करेगी। उन्होंने बताया कि जहां-जहां चुनाव होने हैं, वहां यह कमेटी क्रमवार दौरा करेगी और रिपोर्ट तैयार करेगी। उसी आधार पर प्रत्याशियों के नाम तय किए जाएंगे।
जिताऊ उम्मीदवार’ पर रहेगा फोकस
प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पार्टी का मुख्य फोकस ‘जिताऊ उम्मीदवार’ पर रहेगा। संगठन और जनता के बीच सक्रिय, स्वच्छ छवि और मजबूत जनाधार वाले कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठनात्मक मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी और सभी निकायों में बेहतर प्रदर्शन करेगी।
नए कार्यकर्ताओं को मिलेगा अवसर
‘सिटिंग-गेटिंग’ के फार्मूले पर पूछे गए सवाल के जवाब में बडोली ने कहा कि भाजपा हमेशा नए कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का मौका देती रही है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में भी नए चेहरों को अवसर देने पर विचार किया जाएगा, ताकि संगठन में नई ऊर्जा का संचार हो और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़े।
प्रदेश अध्यक्ष ने भरोसा जताया कि पार्टी की सुनियोजित रणनीति और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर भाजपा निकाय चुनाव में मजबूती से जीत हासिल करेगी।