भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सोमवार को गुरुग्राम पहुंचे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने उनका स्वागत किया। दिल्ली बॉर्डर से उनको खुली जीप में बैठाया गया, इसके बाद पुष्प वर्षा की गई।
बाइक रैली की अगुवाई में उन्हें एनएच 48 स्थित भाजपा कार्यालय गुरुकमल में लाया गया। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का ये पहला हरियाणा दौरा है। नितिन नबीन ने कहा कि आज स्वामी विवेकानंद की जयंती है और भाजपा हर साल इसे युवा दिवस के रूप में मनाती आ रही है, लेकिन कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो स्वामी विवेकानंद के विषयों की चर्चा करना भी पसंद नहीं करते हैं।
हम उन लोगों से पूछना चाहते हैं कि जिन्होंने राजनीति में हमेशा भारत को पीछे धकेलने का काम किया है। जब वे विदेश जाते हैं तो वे भारत की संविधान को गाली देकर भारत को अपमानित करने का काम करते हैं।
लाल किला और लाल चौक, दोनों जगह तिरंगा
उन्होंने कहा कि हमें याद है कि जब 2011 में हमने राष्ट्रीय एकता यात्रा निकाली थी तो दिल्ली में लाल किले पर तिरंगा और लाल चौक पर पाकिस्तान का झंडा फहराया जाता था, लेकिन अब उसी लाल चौक पर तिरंगा लहराया जा रहा है। यह बदले भारत की तस्वीर है। पहले हमारे सनातन को चोट देने का प्रयास किया जाता था, लेकिन नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर का निर्माण करवाया। राम हमारे आदर्श हैं। नरेंद्र मोदी सरकार ने देश को असली आजादी देने काम किया है।
आज सिलिकन वैली में 50 प्रतिशत युवा बैठा है, हम लोग जानते हैं कि आज के युवाओं में जिस प्रकार का जोश है, उनको प्रधानमंत्री नई दिशा देने का काम कर रहे हैं।