मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर कोहरे के चलते 7 बसें और 3 कारें भिड़ गईं। टक्कर होते ही गाड़ियों में आग लग गई। 4 लोगों की जलकर मौत हो गई।
मरने वालों का आंकड़ा और भी बढ़ सकता है, क्योंकि भास्कर रिपोर्टर जब मौके पर पहुंचे तो उन्हें बसों में मानव अंग फंसे दिखाई दिए।
एक युवक ने बताया कि उसने बस से 8-9 लाशें निकाली हैं। जली हुई लाशों के टुकड़े 17 पॉलिथीन बैग में भरकर अस्पताल पहुंचाए गए हैं। DNA टेस्ट से इनकी शिनाख्त की जाएगी।
हादसे में 66 लोग घायल हैं। हालांकि, एक चश्मदीद ने बताया कि 20 एम्बुलेंस से 150 लोगों को अस्पताल भेजा गया है।
DM चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि हादसा थाना बलदेव क्षेत्र में माइलस्टोन 127 पर हुआ। पुलिस, फायर ब्रिगेड और SDRF की टीम ने 6 घंटे में रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा किया।
हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। मलबा हटाने के बाद हाईवे पर वाहनों की आवाजाही शुरू हुई।