July 3, 2025
646

यमुनानगर जिले के गांव दामला के धर्मबीर कंबोज की बनाई मल्टी पर्पज फूड प्रोसेसिंग मशीन पर अब हरियाणा सरकार 80 हजार रुपये से लेकर 1 लाख रुपये तक की सब्सिडी देगी। 10वीं पास धर्मबीर कंबोज की बनाई यह मशीन 18 देशों में फूड प्रोसेसिंग के उपयोग में लाई जा रही है।
धर्मबीर ने बताया कि वे आर्थिक तंगी के कारण केवल 10वीं कक्षा तक ही पढ़ पाए। अपने परिवार की मदद के लिए वे 1980 के दशक में दिल्ली चले गए। वहां जाकर उन्होंने रिक्शा चलाने तक का काम किया। हालांकि एक दुर्घटना के बाद वे वापस अपने गांव लौट आए। गांव में वापस आने के बाद उन्होंने अपनी पुश्तैनी 2 एकड़ जमीन में से 1 एकड़ पर एलोवेरा और तुलसी की खेती शुरू की। दिल्ली में काम करते हुए उन्होंने औषधीय खेती के बारे में सुना था, जिसे उन्होंने मुनाफे वाला माना। खेती के बाद जब उन्होंने अपनी उपज बेचने की कोशिश की तो उन्हें उचित दाम नहीं मिले। आखिरकार उन्होंने खुद ही फसलों की प्रोसेसिंग करने की सोची।
धर्मबीर ने बताया कि सही कीमत पाने में दिक्कत हो रही थी, इसलिए सोचा कि क्यों न अपनी उपज को प्रोसेस करके बेचूं, लेकिन कोई बड़ी मशीन खरीदने की हिम्मत नहीं थी। इसी दौरान उन्होंने खुद ही मशीनें डिजाइन करने का फैसला लिया। इसके लिए बागवानी विभाग ने भी 25 हजार रुपये की मदद गुलाब जल निकालने वाली मशीन तैयार करने के तौर पर दी। उन्होंने इसी मशीन में और डाई का प्रयोग करके इसे मल्टी पर्पज बना दिया। धर्मबीर ने कहा कि इस मशीन पर प्रदेश सरकार द्वारा सब्सिडी दिए जाने से अब किसानों और स्वयं सहायता समूह इसे आसानी से खरीद पाएंगे। उन्होंने बताया कि 2 लाख रुपये कीमत की यह मशीन अब किसानों को आधे दाम पर ही उपलब्ध होगी।
धर्मबीर कंबोज ने बताया कि उन्होंने 2007 में मल्टी पर्पज फूड प्रोसेस मशीन बनाई। उनकी बनाई मशीन का पता जब अहमदाबाद  के नेशनल इनोवेशन संस्थान को चला तो उन्होंने इस मशीन को आधुनिक बनाने में मदद की। चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय द्वारा भी वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई गई। इसके बाद से उनका मशीन बनाने का सफर शुरू हो गया और भारत देश सहित इटली, अमेरिका, केन्या, ऑस्ट्रेलिया, नेपाल, जिम्बाव्वे युगांडा और नाइजीरिया में उनकी मशीन जाने लगी।
धर्मबीर कंबोज ने बताया कि उन्होंने अपने फार्म पर ही धर्मबीर फूड्स प्राइवेट लिमिटेड नाम से कंपनी बनाकर मशीनें बनाने का काम शुरू किया हुआ है। हर महीने करीब 10 मशीनें तैयार कर देते हैं। उन्होंने बताया कि इन मशीनों को चलाने का प्रशिक्षण भी फार्म पर 2 दिनों तक दिया जाता है, ताकि किसान को मशीन चलाने में कोई समस्या न आए।
धर्मबीर ने बताया कि इस मल्टी पर्पज फूड प्रोसेस मशीन से किसी भी फल का जूस बिना बीज पिसे निकाला जा सकता है इससे जूस कड़वा नहीं होता। इसके अलावा मशीन से पिसाई, मिश्रण करने, तेल निकालने, गुलाब जल निकालने, एलोवेरा जैल निकालने, भुने हुए चने व छोले बनाने, आलू, गाजर, अदरक, हल्दी, लहसुन और प्याज को छीलने का काम भी कुछ ही सैकेंड में किया जा सकता है। इसके अलावा इस मशीन में दूध से खोया बनाने और गाजर का हलवा भी बिना जले बड़ी आसानी से बनाया जा सकता है। इस मशीन से वे आंवला मुरब्बा, कैंडी, साबुन, जैल, जूस, औषधीय अर्क और होली के लिए गुलाल तक तैयार कर रहे है।
भारत के राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित
वर्ष 2013 में, धर्मबीर को उनके अभिनव कार्य के लिए भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी द्वारा सम्मानित किया गया था। उन्होंने कहा, मुझे अपनी बहुउद्देशीय मशीनों के कारण कईं राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं। जब मैंने पहली बार मशीन विकसित की थी, तो लोग मेरे विचारों का मजाक उड़ाते थे। लेकिन मुझे कभी नकारात्मक आलोचना की परवाह नहीं थी। मैंने अपने काम पर ध्यान केंद्रित किया। आज, मैं पूरी दुनिया में एक इनोवेटर के रूप में पहचाना जाता हूँ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *