September 28, 2024
भाजपा प्रत्याशी घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश के हर जिले में बिना भेदभाव करोड़ों रुपये का विकास कराया। बिना पर्ची बिना खर्ची सरकारी नौकरी, बुढ़ापा पेंशन 3000 रुपये प्रतिमाह, गांवों व शहरों में 20 घंटे से 24 घंटे तक बिजली उपलब्ध कराना, ऑनलाइन सेवाओं को घर बैठे लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराना, हर जिले में नॉन स्टॉप विकास कार्य कराना, प्रदेश में सड़कों व नेशनल हाईवों का जाल बिछाना भाजपा सरकार की बड़ी उपलब्धियां हैं।
यमुनानगर के हर वार्ड की हर नियमित कॉलोनी में पक्की सड़कें व गलियां, निकासी के लिए अंडरग्राउंड नालियां, पेयजल व बिजली की सुविधा उपलब्ध कराने का जो संकल्प लिया था, उसे पूरा किया गया। जिन गलियों व सड़कों में कीचड़ रहता था, आज वहां पक्की सड़कें बनने से शहरवासियों की राह सुगुम हुई है। विधायक घनश्याम दास अरोड़ा शुक्रवार को सरोजिनी कॉलोनी, दादूपुर, भगवानपुर, किशनपुरा माजरा, कनालसी, अमादलपुर, रतनपुरा, ज्योति पैलेस, लाजपत नगर, पुराना हमीदा, कैंप मेन बाज़ार, महावीर कॉलोनी समेत विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान उन्होंने डोर टू डोर लोगों से जनसंपर्क कर भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस दौरान पार्टी कार्यालय में विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य रूप से भारत सरकार में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस एवं इस्पात मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शिरकत की। वहीं, ज्योति पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में कुरुक्षेत्र सांसद नवीन जिंदल ने भाजपा प्रत्याशी घनश्याम दास अरोड़ा के पक्ष में लोगों से मतदान करने की अपील की।
भाजपा प्रत्याशी अरोड़ा ने कहा कि कांग्रेस की भेदभाव की नीतियों के चलते दस साल पहले यमुनानगर की सड़कों बदहाल थी। चंडीगढ़ जाने के लिए तीन से चार घंटे लगते थे।
लेकिन भाजपा सरकार ने बीते दस सालों में नॉन स्टॉप विकास कराए। प्रदेश में नेशनल हाईवे व सड़कों का जाल बिछाया। अब यमुनानगर से चंडीगढ़ मात्र एक से डेढ़ घंटे में पहुंच जाते है। सभी जिलों को नेशनल हाईवे से जोड़ा गया है। भाजपा सरकार ने यमुनानगर में गुंडाराज पर पूरी तरह से अंकुश लगाने का कार्य किया है। कांग्रेस पार्टी के शासनकाल में अनुसूचित जाति वर्ग पर भयावह अत्याचार होते थे, जिसका गोहाना व मिर्चपुर की घटनाएं साक्षात उदाहरण है।
किसानों की जमीनों को झूठे हथकंडे अपनाकर हड़प लिया जाता था। परंतु भाजपा की हरियाणा सरकार व केंद्र की मोदी सरकार ने अनुसूचित जाति वर्ग को आगे बढ़ने का कार्य किया है। किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य दिया है। हरियाणा भाजपा सरकार ने किसानों की सभी 24 फसलों की खरीद सुनिश्चित कर किसानों के हितों को सुरक्षित करने का कार्य किया है।
लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने कभी संविधान के नाम पर ,कभी आरक्षण खत्म करने के नाम पर, कभी खटाखट पैसे देने की बात कहकर इस प्रकार के बहुत से झूठ बोलकर जनता को बहकाने और गरीब कमजोर आदमी को गुमराह करने का काम किया है, अब कांग्रेस के सभी झूठ जनता के सामने उजागर हो चुके है , केंद्र में मोदी सरकार तीसरी बार बन चुकी है व संविधान भी सुरक्षित है और आरक्षण से भी किसी ने किसी भी प्रकार की कोई भी छेड़छाड़ नहीं की है।
इसलिए जिन लोगों ने लोकसभा चुनावों में भ्रम में आकर कांग्रेस को वोट दी अब वह विधानसभा में कांग्रेस को वोट नहीं देंगे ऐसा उन्हें पूरा विश्वास है क्योंकि जनता कांग्रेस पार्टी की सच्चाई जान चुकी है। कांग्रेस की राजनीति अपने-अपने स्वार्थ के लिए है लेकिन भाजपा में राष्ट्रहित सर्वोपरि है। भाजपा प्रत्याशी घनश्याम दास ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि देश की एकता, अखंडता व हरियाणा को ज्यादा से ज्यादा मजबूत बनाने के लिए सभी लोग अपना सहयोग, विजयी समर्थन, आशीर्वाद भाजपा को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *