September 19, 2024

करनाल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी जगमोहन आनंद शनिवार सुबह भाजपा कार्यालय करनाल में पार्टी कार्यकर्ताओं से मिले। कार्यकर्ताओं ने जगमोहन आनंद का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए टिकट मिलने की बधाई दी और विधानसभा चुनाव में जीत के लिए शुभकामनाएं दी।

इसके बाद उनके निवास स्थान पर मिलकर शुभकामनाएं देने वाले लोगों का तांता लगा रहा। वहीं, जगमोहन आनंद ने पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव में जोर-शोर से पार्टी की नीतियों का प्रचार-प्रसार करने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा प्रत्याशी जगमोहन आनंद को आश्वासन दिया कि चुनाव में भाजपा को जीत दिलवाने के  लिए उन्होंने अपनी कमर कस ली है।

इस बार विधानसभा चुनाव में भाजपा भारी बहुमत से चुनाव में जीत हासिल करेगी और प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाते हुए जीत की हैट्रिक लगाएगी। जगमोहन आनंद ने कहा कि मनोहर लाल ने मुख्यमंत्री रहते हुए प्रदेश के साथ-साथ करनाल में विकास की गंगा बहाई है। विकास के मामले में आज करनाल अपनी अलग पहचान रखता है।

जगमोहन आनंद ने कहा कि मनोहर लाल की नीतियों से प्रदेश की जनता लाभान्वित हुई और आज घर बैठे लोगों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इसके बाद अब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रदेश में विकास को आगे बढ़ा रहे हैं।

नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि अब जनता के आशीर्वाद से वे करनाल में विकास कार्यो को थमने नहीं देंगे। करनाल की जनता ने तीसरी बार करनाल में कमल खिलाने का मन बना लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *