September 19, 2024

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की धर्मपत्नी सुनीता केजरीवाल और प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने रविवार को बाढडा में बदलाव जनसभा की। इस दौरान कार्यक्रम संयोजक राकेश चांदवास, प्रदेश उपाध्यक्ष इंदू शर्मा, संगठन मंत्री रविंद्र मटरू, पवन हिन्दुस्तानी, ऊषा रानी, सतनारायण यादव, गीता श्योराण, रिंपी फोगाट, महेंद्र झंडू, संजय काकड़ौली मुख्य तौर पर मौजूद रहे।

सभा में उमड़े जन सैलाब को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मुफ्त और 24 घंटे बिजली और अच्छे स्कूल-अस्पताल के लिए हरियाणा की जनता आम आदमी पार्टी को मौका दे। आम आदमी पार्टी की सरकार आपको मुफ्त व 24 घंटे बिजली, अच्छी शिक्षा-स्वास्थ्य, हर युवा को रोजगार व महिलाओं को एक हजार महीना देगी।

भाजपा सरकार में हरियाणा के अंदर सरकारी स्कूलों को बंद किया जा रहा है। यहां के बच्चे पढ़ने के लिए कहां जाएंगे। पिछले 10 सालों में भाजपा की सरकार ने आपके लिए कुछ नहीं दिया। इसलिए इस बार के चुनाव में भाजपा को एक भी सीट नहीं मिलनी चाहिए।

सुनीता केजरीवाल ने कहा कि हरियाणा में बीजेपी को 10 साल हो गए। क्या आपके बच्चों की शिक्षा में सुधार हुआ? क्या सरकारी अस्पताल अच्छे हुए? और क्या आपको 24 घंटे बिजली मिलती है? दिल्ली और पंजाब में ये सब हो रहा है क्योंकि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार है। अरविंद केजरीवाल, हरियाणा के लाल हैं।

अरविंद का जन्म तो सिवानी गांव में हुआ था, लेकिन उनकी पढ़ाई-लिखाई और परवरिश हिसार में हुई। उन्होंने कहा कि कोई सपने में भी नहीं सोच सकता था कि 20 साल बाद यह लड़का दिल्ली का मुख्यमंत्री बन जाएगा। ये कोई मामूली बात नहीं है। उनका जन्म 16 अगस्त 1968 को हुआ था। उस दिन कृष्ण जन्माष्टमी थी। यह भी कोई मामूली इत्तेफाक नहीं है।

उन्होंने कहा कि भगवान आपके बेटे से कुछ बड़ा करवाना चाह रहे हैं। अरविंद केजरीवाल ने पहली बार चुनाव लड़ा और वे दिल्ली के मुख्यमंत्री बन गए। उन्होंने देश की राजनीति में भूचाल लाने का काम किया। ऐसे-ऐसे काम किए, जो कोई भी पार्टी नहीं कर पाई।

आज पूरी दुनिया में लोग अरविंद केजरीवाल को उनके कामों से जानते हैं। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली और पंजाब के सरकारी स्कूल अच्छे कर दिए। गरीबों के बच्चों का भविष्य उज्जवल कर दिया।

शानदार मोहल्ला क्लीनिक और अस्पताल कर दिए, जहां मुफ्त और अच्छा इलाज होता है। उन्होंने बिजली फ्री कर दी। महिलाओं को बस में फ्री सफर करने की सुविधा दी। बुजुर्गों के लिए फ्री तीर्थ यात्रा कर दी और अब हर महीने हर महिला को एक हजार रुपए की सम्मान राशि देने जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि किसी भी पार्टी ने जनता के लिए ये काम नहीं किए हैं। जनता बताए कि क्या कोई ऐसी पार्टी है, जिसने स्कूल अच्छे किए हों, मोहल्ला क्लीनिक बनाए हों या सरकारी अस्पताल अच्छे किए हों, किसी ने बिजली फ्री की हो?

ऐसे काम केवल हरियाणा के लाल अरविंद केजरीवाल ही कर सकते हैं। इसलिए मोदी जी अरविंद केजरीवाल से जलते हैं। इसलिए अरविंद केजरीवाल को फर्जी केस में जेल में डाल दिया।  म

उन्होंने कहा कि बीजेपी को सिर्फ सत्ता में बने रहना है, उनको जनता के किसी काम से कोई मतलब नहीं है। बीजेपी को सिर्फ पार्टियों को तोड़ना आता है और विपक्ष के नेताओं को जेल में डालना आता है।

मोदी जी ने अरविंद केजरीवाल को नहीं हरियाणा के बेटे को जेल में डाला है। मोदी जी ने हरियाणा के लोगों को ललकारा है। मैं हरियाणा की बहू आपसे पूछती हूं कि क्या हरियाणा की जनता अपने बेटे का अपमान चुपचाप सहन करेगी? केजरीवाल शेर हैं और वो मोदी जी के सामने झुकेंगे नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *