May 19, 2024
कुरुक्षेत्र, 28 फरवरी: विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों युवाओं ने आज कांग्रेस पिछड़े वर्ग सैल के प्रदेश संयोजक प्रवीण कश्यप के प्रयासों से कांग्रेस पार्टी में शामिल होने की घोषणा की। मोटरसाइकिल पर सवार होकर काफिले के रूप में यह सभी युवक कांग्रेस जिंदाबाद के नारे लगाते हुए पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा के निवास स्थान पर पहुंचे।
पार्टी में शामिल होने वालों में प्रमुख रूप से उमरी आई.टी.आई प्रधान विकास गिल, प्रवेश गुर्जर, विजय, कृष्ण, मागे राम कश्यप, शिनु, हर्ष,रोहित कश्यप, राधेश्याम, कमल व अन्य युवाओं ने कांग्रेस पार्टी का दामन थामा।
कांग्रेस नेता अशोक अरोड़ा ने इन सभी को कांग्रेस का पटका पहनाकर पार्टी में शामिल किया अशोक अरोड़ा ने कहा कि युवा वर्ग ही बदलाव करता है और आज देश की राजनीति में बदलाव की जरूरत है। देश के युवा वर्ग ने ही आजादी की लड़ाई में शामिल होकर शहीद भगत सिंह जैसे नौजवान दिए।
उन्होंने कहा आज फिर देश को युवा वर्ग के नेतृत्व की आवश्यकता है। जिस प्रकार की राजनीति आज भारतीय जनता पार्टी द्वारा खेली जा रही है उसे युवा वर्ग ही बदल सकता है। उन्होंने सभी युवाओं को कांग्रेस में शामिल करके स्वागत करते हुए कहा कि लोकसभा के चुनाव आ गए हैं युवा वर्ग कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार डॉ.सुशील गुप्ता के चुनाव प्रचार प्रसार में जुट जाएं और उन्हें भारी बहुमत से विजय बनाकर लोकसभा में भेजे।
उन्होंने कहा कि आज देश में बेरोजगारी विकराल रूप धारण कर चुकी है, बढ़ती महंगाई ने लोगों की कमर तोड़ दी है, 2 करोड़ प्रति वर्ष रोजगार व खातों में 15 लाख रुपए भेजने का वायदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जुमला साबित हुआ। आज देश का युवा रोजी-रोटी की तलाश में देश से पलायन करके विदेश की ओर जा रहा है।
हरियाणा की परिस्थितियों पर बोलते हुए अशोक अरोड़ा ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था का दिवाला पिट चुका है। जिस प्रकार से बहादुरगढ़ में एक राजनीतिक दल के प्रदेश अध्यक्ष को सरेआम गोलियों से भून दिया गया यह अपने आप में एक दुखदाई व शर्मनाक घटना है।
सरेआम व्यापारियों से फिरौती मांगी जा रही है। अपराध में हरियाणा नंबर वन पर है। हरियाणा सरकार लोगों के जानमाल की रक्षा करने में पूरी तरह विफल रही है।
अशोक अरोड़ा में युवा वर्ग से आह्वान किया कि लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी की तन- मन- धन से सहायता करें। उन्होंने कहा कि आज देश की जनता बदलाव चाहती है और लोगों के पास विकल्प के रूप में केवल इंडिया गठबंधन है।
अशोक अरोड़ा में दावा किया कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से डॉ. सुशील गुप्ता भारी बहुमत से विजय प्राप्त करेंगे और इसको लेकर कांग्रेस पार्टी के सभी नेता व कार्यकर्ता जी जान से कार्य करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *