August 22, 2025
DSC_7881

करनाल आने वाले समय में राष्ट्रीय खेल हॉकी का हब बनेगा और वह दिन दूर नहीं जब करनाल में राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर के हॉकी के मुकाबले आयोजित होंगे। करनाल में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत बने अंतर्राष्ट्रीय स्तर के हॉकी एस्ट्रोट्रफ ग्राउंड की शुरूआत हो चुकी है।

वीरवार को इस ग्राउंड में शाहबाद (कुरूक्षेत्र) व हाबड़ी (कैथल) के बीच मैत्रीपूर्ण मैच खेला गया जिसमें शाहबाद ने हाबड़ी को 4-1 के अंतर से हराया। इस शानदार मैच की शुरूआत के मौके पर करनाल नगर निगम के निवर्तमान डिप्टी मेयर नवीन कुमार ने खिलाडियों का उत्साहवर्धन करते हुए की।

उन्होंने दोनों टीमों के खिलाडियों से हाथ मिलाकर परिचय भी किया। मैच से पूर्व करनाल जिला के उपायुक्त एवं स्मार्ट सिटी मिशन के सीईओ अनीश यादव ने भी हॉकी खिलाडियों को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की।

डिप्टी मेयर नेे मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह क्षेत्रवासियों के लिए एक सौगात है, जिससे आने वाले समय में  हरियाणा सरकार की खेल सुविधाओं का लाभ लेकर हॉकी खिलाडियों की संख्या में बड़ा इजाफा होगा और उम्मीद है कि अभिभावक भी अपने बच्चों को खेलों के प्रति प्रेरित करेंगे।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नए वर्ष के मौके पर 24 जनवरी को स्टेडियम का लोकार्पण करके करनाल जिला की जनता को बहुत बड़ी सौगात दी थी।

इस मौके पर जिला खेल अधिकारी सुधा भसीन ने कहा कि करनाल में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के हॉकी एस्ट्रोट्रफ ग्राउंड की शुरूआत खिलाडियों के लिए बड़ी सुविधा है। खिलाडियों को अभ्यास करने में आसानी होगी।

हॉकी से संबंधित खिलाड़ी इस सुविधा का लाभ लेकर आने वाले समय में प्रदेश व देश का नाम रोशन करेंगे और इससे प्रेरित होकर अन्य बच्चे भी राष्ट्रीय खेल हॉकी के साथ जुड़ेंगे।

इस मौके पर शाहबाद टीम के कोच गुरबाज, कैथल टीम के कोच सुरेंद्र प्रताप, अंतर्राष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ी गौरव चैधरी, राज, तरूण मुंजाल, लखबीर सिंह, भट्टी सिंह, कोच बृजभूषण, उपेन्द्र, राजेन्द्र, सुभाष, संजीव, खुशवंत, सुनील तथा सतीश सहित बड़ी संख्या में हॉकी व अन्य खेलों से जुड़े खिलाड़ी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *