October 22, 2024

पैंशन बहाली संघर्ष समिति हरियाणा की राज्य कमेटी सदस्य समुंद्र मोर, नारी शक्ति नेत्री पूनम चहल, जिला कोषाध्यक्ष वरुण शर्मा, इन्द्रवेश कलसौरा, खंड इन्द्री प्रधान मामराज पूंडरीक व नरिन्द्र कुमार की टीम प्रेमनगर स्थित लडक़े व लड़कियों के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल, प्राथमिक स्कूल, गांव दरड़, उचाना व रंबा के स्कूलों में पहुंची और 11 फरवरी को जींद में होने वाली पैंशन संकल्प महारैली का न्योता दिया।

प्रधानाचार्य संजीव कुमार सहित स्कूलों के स्टाफ ने टीम का जोरदार स्वागत किया। कर्मचारियों ने एक ही मांग एक ही नारा, ओपीएस अधिकार हमारा, त्यागो नींद, चलो जींद, 11 फरवरी जींद चलो, जो ओपीएस बहाल करेगा, वही देश पर राज करेगा, अभी तो ली अंगड़ाई है, आगे और लड़ाई की जोरदार नारेबाजी की।

पैंशन बहाली संघर्ष समिति के नेताओं ने कहा कि पुरानी पैंशन समाप्त करके लागू की गई एनपीएस योजना कर्मचारियों के साथ सरासर धोखा है। यह पैंशन का निजीकरण किया गया है, जिसमें ना तो सरकार का फायदा है और ना कर्मचारी का, यह योजना निजी कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए ही बनाई गई है।

एनपीएस के तहत सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को बुढ़ापा पैंशन से भी कम पैंशन मिल रही है। यह सालों सरकारी सेवा में मेहनत करने वाले कर्मचारियों का अपमान है। उन्होंने कहा कि पैंशन कर्मचारी के सम्मान और सुरक्षा का मसला है।

इसको लेकर कोई समझौता नहीं हो सकता। कर्मचारियों की एक ही मांग है कि पुरानी पैंशन लागू कर दी जाए और एनपीएस योजना को खत्म कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि 11 फरवरी की जींद रैली कर्मचारियों की निर्णायक रैली होगी। उन्होंने कहा कि रैली में सभी सपरिवार हिस्सा लेंगे और सरकार को अपनी शक्ति का अहसास करवाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *