April 19, 2024

इनेलो महिला प्रकोष्ठ की प्रधान महासचिव सुनैना चौटाला ने कहा कि भाजपा ने जजपा के गठबंधन को लात मार दी है। अब ये लोग अपना वर्चस्व बचाने के लिए हाथ-पैर मार रहे हैं। भाजपा की रणनीति हमेशा क्षेत्रीय दलों को खत्म करने की रही है। इसी साजिश के तहत इनेलो सुप्रीमो को जेल भिजवाया वहीं क्षेत्रिय दलों के वरिष्ठ नेताओं पर केस दर्ज करवाए हैं।
सुनैना चौटाला मंगलवार को दादरी के कबीर नगर क्षेत्र में महिला सम्मेलन को संबोधित करने पहुंची थी।

इस दौरान उन्होंने पार्टी के शहरी अध्यक्ष राहुल मराठा को नगर परिषद चुनाव में चेयरमैन पद का प्रत्याशी घोषित किया और पार्टी ग्राफ को बढ़ाने के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने की बात कही। साथ ही कहा कि इनेलो पार्टी के राज में जनता राज करती थी, अब सिर्फ सरकार के इशारे पर जनता का शोषण हो रहा है। इनेलो की सरकार आने पर पार्टी सुप्रीमो ओपी चौटाला के निर्देशानुसार हर घर में रोजगार दिया जाएगा। जब तक रोजगार नहीं मिलता, युवाओं को तीन हजार रुपए रोजगार भत्ता मिलेगा। वहीं बुढ़ापा पेंशन 10 हजार रुपए दिए जाएंगे।

सुनैना चौटाला ने मीडिया से बात करते हुए जजपा की हरी चुनरी चौपाल पर कटाक्ष किया, कहा कि जजपा की हरी चुनरी चौपाल कोरोना व किसान आंदोलन में लुप्त हो गई थी। अब भाजपा ने जजपा को लात मारी तो ये वर्चस्व बचाने के लिए ऐसे कार्यक्रम कर रहे हैं। कहा कि इनेलो राज में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम की तर्ज पर इनेलो अब जनता के बीच कार्यक्रम कर रही है। इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला के जेल जाने पर कहा कि कोर्ट का सम्मान करते हैं। भाजपा की नीति क्षेत्रीय दलों को खत्म करने की है, जहां भी क्षेत्रीय दल हैं वहां भाजपा साजिश रचकर ऐसे दलों को खत्म कर रही है।

क्षेत्रीय दल के आजम खान जैसे बड़े नेता पर बकरी चोरी का केस लगाकर खत्म करने का प्रयास किया। भाजपा अपनी मनमानी कर क्षेत्रीय दलों के नेताओं के खिलाफ साजिशें रचती है। गठबंधन पर कहा कि जनहित का कार्य करेगा उसी का भविष्य है। थोपे गए गठबंधन पर बुरा हाल होता जनता ने देखा है। भविष्य के चुनावों में भाजपा-जजपा का नामोनिशान खत्म होगा। वहीं कहा कि निकाय चुनावों की पूरी तैयारियां हैं, इनेलो कार्यकर्ता मजबूती से चुनाव लड़ना जनता है। पार्टी पर संकट आया तो कार्यकर्ताओं ने संभाला। लोग कहते थे कि एक थी इनेलो, आज वहीं लोग कहते दिखेंगे कि एक थी जजपा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *