- दिल्ली के हरियाणा भवन में होगी मीटिंग, उप-नेता आफताब बोले- क्यों बुलाएं
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा कांग्रेस विधायक दल की आज (गुरुवार को) ढाई बजे दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में बैठक बुलाई गई है, जिसमें पार्टी के विधायक मौजूद रहेंगे और आने वाले एक दिवसीय विधानसभा सत्र को लेकर रणनीति पर चर्चा होगी।
नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में सत्ताधारी दल भाजपा को घेरने की रणनीति पर कांग्रेस मंथन करेगी।
बैठक में पिछली बार की तरह इस बार भी राज्यसभा प्रकरण को लेकर सस्पेंड किए गए पांच बागी विधायकों को मीटिंग में नहीं बुलाया गया है। बैठक में प्रदेश पार्टी प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह मौजूद रहेंगे।
कांग्रेस विधायक दल के उपनेता और विधायक आफताब अहमद ने कहा कि पांचों सस्पेंड किए विधायकों को नहीं बुलाया गया है और इनको क्यों बुलाएं। मीटिंग में आने वाले विधानसभा सत्र के अलावा कई मुद्दों पर चर्चा होगी।
कांग्रेस के बागी विधायकों पर रहेगी नजर
हरियाणा विधानसभा के गत मॉनसून सत्र के दौरान राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के आरोपों के चलते कांग्रेस द्वारा निलंबित किए गए 5 बागी विधायकों नारायणगढ से शैली चौधरी, साढौरा से रेणु बाला, पुनहाना से मोहम्मद इलियास, हथीन से मोहम्मद इजराइल और रतिया से जरनैल सिंह के रुख पर सबकी नजर रहेगी, क्योंकि पार्टी के ये विधायक गत विधानसभा सत्र में महज पार्टी व्हिप का प्रोटोकॉल ही पूरा करते नजर आए।
जब जब भाजपा को घेरने की कांग्रेस ने कोशिश की तो इन्होंने सदन में मौजूद रह कर जारी व्हिप की महज खानापूर्ति की और भाजपा का कोई विरोध नहीं किया। ऐसे में सस्पेंड किए गए पांच विधायकों के रुख पर आने वाले विशेष सत्र में एक बार फिर से नजर रहेगी।
एक दिवसीय विशेष विधानसभा सत्र 26 को
हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में 3 नवंबर को कैबिनेट मीटिंग हुई थी जिसमें फैसला लिया गया कि 26 नवंबर को संविधान दिवस पर विधानसभा का एक दिवसीय स्पेशल सेशन बुलाया जाएगा।