- SHO पर हमले के आरोपी ने लंगड़ाते हुए कराई निशानदेही
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : अंबाला में नग्गल थाना प्रभारी SHO सुरेश कुमार पर हमला करने के मामले में CIA-1 की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान निखिल और लक्की पंडित के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को निशानदेही के लिए घटनास्थल पर ले जाकर मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की।
इस दौरान दोनों आरोपियों के मुंह ढके हुए थे। इनमें से एक आरोपी के पैर पर प्लास्टर चढ़ा हुआ था और वह लंगड़ाते हुए चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
CIA-1 प्रभारी परमिंदर सिंह के अनुसार, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए निखिल और लक्की पंडित को गिरफ्तार किया है। दोनों को घटनास्थल पर ले जाकर निशानदेही कराई गई और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की गई। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
इससे पहले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें दबिश दे रही थीं। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
युवक को बचाने पहुंचे थे थाना प्रभारी
घटना 3 अक्टूबर की रात गांव मटहेड़ी में मिस्टर सिंह हवेली के पास हुई थी। थाना प्रभारी सुरेश कुमार अपनी निजी कार से लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कुछ युवकों को एक युवक के साथ मारपीट करते देखा। युवक को बचाने के लिए SHO कार से उतरकर बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन हमलावरों ने उन पर ही हमला कर दिया।
आरोपियों ने चाकू और ईंट-पत्थरों से वार किए। हमले में SHO की गर्दन, हाथ और सिर पर चोटें आईं। उन्हें अंबाला शहर के सिविल अस्पताल से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था।
5 मिनट के CCTV वीडियो में कैद हुई थी वारदात
घटना के करीब 6 दिन बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए CCTV फुटेज में मारपीट की पूरी वारदात सामने आई थी। करीब 5 मिनट 2 सेकंड के वीडियो में एक युवक के साथ मारपीट और उसे बचाने पहुंचे थाना प्रभारी पर हमले के दृश्य दिखाई दिए थे। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज की थी।