September 14, 2026
14 sep 18
  • बोले- जल्दबाजी में न काटें फसल

हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने किसानों को जल्दबाजी में धान काटने से बचने की सलाह दी है। साथ ही कहा कि पकी हुई फसल मंडी में आएगी, तो जल्दी उसकी खरीद की जाएगी। खरीद की जल्दबाजी में ऐसी फसल मंडी में नहीं आनी चाहिए, जिसमें नमी ज्यादा हो।

कृषि मंत्री आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर BJP के गीता कमल कार्यालय में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोल रहे थे। हाल ही में हुई किसान महापंचायत में 15 सितंबर से सरकारी खरीद शुरू और नमी 17 से 20% तक करने की मांग रखी थी।

 

मंत्री बोले- कंबाइन ने बढ़ाई नमी की समस्या

राणा ने कहा कि पहले किसान धान हाथ से काटता था। कटाई के बाद फसल को खेत में सूखने का समय मिलता था। अब कंबाइन से कटाई होने के कारण फसल जल्दी कट जाती है। एक ही खेत का धान कहीं सूखा होता है और कहीं उसमें नमी ज्यादा होती है। अगर 10-12 दिन भी फसल को और पकने दिया जाए तो उसका नुकसान नहीं होगा।

नुकसान नहीं होना चाहिए

कृषि मंत्री ने कहा कि किसान को उसकी फसल का पूरा दाम मिलना चाहिए। सरकार की तरफ से खरीद व्यवस्था में किसान को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। समस्या तब पैदा होती है जब ज्यादा नमी वाली धान मंडी में पहुंचती है। धान की आगे मिलिंग होती है और उससे चावल तैयार किया जाता है, इसलिए क्वालिटी और नमी का ध्यान रखना जरूरी है।

राइस मिलर व्यवस्था का हिस्सा

मंत्री ने कहा कि गेहूं की कटाई और खरीद के बाद सीधा सरकारी गोदाम में चला जाता है, जबकि धान को राइस मिल में भेजना पड़ता है। मिलिंग के बाद चावल तैयार होता है और केंद्र सरकार के लिए भी चावल लिया जाता है। राइस मिलर इस व्यवस्था का हिस्सा हैं और सरकार के साथ मिलकर पूरा सिस्टम चलता है।

अब 15 सितंबर पर सबकी नजर

हाल ही में किसानों ने महापंचायत में 15 सितंबर से खरीद शुरू करने की मांग रखी है। दूसरी तरफ कृषि मंत्री ने पकी फसल की खरीद का भरोसा दिया है और किसानों से जल्द कटाई से बचने को कहा है। अब निगाह सरकार के फैसले पर है। 15 सितंबर से खरीद शुरू होगी या नहीं और नमी में किसानों को राहत मिलेगी या नहीं।