September 14, 2026
14 sep 4
  • सीधे किए जाएंगे इंपाउंड

कैथल में पूंडरी से भाजपा विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के कारण नशा तस्करी और अन्य आपराधिक घटनाएं बढ़ती हैं। हलके में बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों पर अब सख्ती की जाएगी। ऐसे वाहनों को इंपाउंड करवाया जाएगा।

अगर इन्हें लेकर वाहनों के मालिक किसी की सिफारिश करवाते हैं, तो वे भी नहीं सुनीं जाएंगी। इस संबंध में विधायक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी जारी किया, जो जमकर वायरल हो रहा है।

नंबर प्लेट को अपडेट करवाएं

विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि जिसके पास बिना नंबर प्लेट की बाइक है या गाड़ी है। वे नंबर प्लेट को अपडेट करवाएं और वाहनों पर लगवाएं। नशा तस्करी करने वाले लोग ज्यादातर ऐसे वाहनों का प्रयोग करते हैं, जिनके आगे व पीछे नंबर प्लेट नहीं होती। ऐसे में वे चाहते हैं कि पूंडरी हलका नशा मुक्त रहे। इसे लेकर एक स्पेशल ड्राइव चलाई जाएगी। यह ड्राइव केवल सड़कों पर ही नहीं, बल्कि घरों में भी चलाई जाएगी। अगर घर में कोई ऐसी बाइक खड़ी है, जिसके आगे या पीछे नंबर प्लेट नहीं है, तो उसको इंपाउंड करवाया जाएगा।

नेता या अधिकारी की नहीं चलेगी सिफारिश

ऐसे स्थिति में अगर कोई व्यक्ति किसी नेता या अधिकारी का हवाला देकर सिफारिश करवाना चाहेगा तो वह बिल्कुल नहीं सुनी जाएगी। बीते दिनों में ऐसी घटनाएं सामने आई हैं कि नशा बेचने वालों के वाहनों का नंबर छुपाया जाता है। अगर सड़कों पर, गलियों में और अन्य जगहों पर ऐसी बाइकें या कारें दिखाई दें, तो तुरंत उसकी फोटो लें और उन्हें भेजें।

ऐसे वाहनों को उठवाया जाएगा और इंपाउंड करवाया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की, कि एस कार्य में उनका सहयोग जरूर करें।

पुलिस का सहयोग कर रहे विधायक

वीडियो के बारे में विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि क्षेत्र में नशे और आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस की ओर से लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। ऐसे में विधायक होने के नाते पुलिस का सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही वे इस संबंध में एक नंबर भी जारी करेंगे, जिस पर लोग सीधे शिकायत कर सकते हैं।