- हरियाणा विधानसभा- हड़ताली कर्मचारियों पर हंगामा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के आखिरी दिन की कार्यवाही चल रही है। प्रश्नकाल के दौरान मंत्री विपुल गोयल पटवारियों और सफाईकर्मियों की हड़ताल पर बोलने लगे। इसके बाद कांग्रेस विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया। मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा, “आपको सफाईकर्मियों से हमदर्दी नहीं है। आप प्रदेश का वातावरण खराब कर रहे हैं। ये लोग राजनीतिक करना चाहते हैं, इन्हें मैं छोडूंगा नहीं।”
तभी नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा- बेदी ने कहा कि तुम्हें छोड़ूंगा नहीं। ये हमें धमकी दे रहे हैं।
वहीं, शून्यकाल के दौरान भाजपा विधायक बिमला चौधरी अपने क्षेत्र की समस्याएं बता रही थीं। इसी दौरान कांग्रेस विधायक बोलने लगे। इस पर बिमला चौधरी ने कहा, “ये फोटो खिंचवाने के लिए बार-बार हो-हो करने लगते हैं। इनकी कुर्सियां भी चेक कराई जाएं कि इनसे बैठा क्यों नहीं जाता। नौजवान विधायक जल्दी उठ जाते हैं। बात रखने का अधिकार सबका है, लेकिन थोड़ा शोर कम मचाया करो। इनकी फोटो एक ही लिया करो।
पूजा चौधरी बोलीं- हमारी जाति का नाम न बदला जाए
शून्यकाल में मुलाना से कांग्रेस विधायक पूजा चौधरी ने यह भी कहा कि हम संत रविदास जी को मानने वाले लोग हैं। हमारी जाति का नाम बदलकर मेघवाल न किया जाए। हमारी ऐसी कोई मांग नहीं है। इस पर मंत्री कृष्णलाल पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ऐसा नहीं कर रहे हैं। मुख्यमंत्री इस बात से मना कर चुके हैं।
हिसार को राजधानी बनाने की मांग
कांग्रेस विधायक नरेश सेलवाल ने शून्यकाल में कहा कि उकलाना हलके के कुछ गांवों की तहसील खेड़ी चौपटा लगती है। इन चार गांवों को उनकी इच्छा के अनुसार हिसार और हांसी में शामिल किया जाए। SYL को लेकर हमारे हक में फैसला है। जब मुख्यमंत्री पंजाब जाएं तो वहां के मुख्यमंत्री से हरियाणा के हिस्से का पानी मांगें। हरियाणा की राजधानी और हाईकोर्ट हिसार में बनाए जाएं।
CM बोले- काम हुए, लेकिन प्रशंसा नहीं
प्रश्नकाल में कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने सवाल किया कि कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड (KDB) के नजदीक जमीन के विकास के लिए क्या कोई प्रावधान किया गया है? इस पर मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर के आसपास की 100 एकड़ जमीन के विकास के लिए DPR तैयार हो गई है। बहुत जल्द इस पर काम शुरू होगा।
इसके बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी ने जवाब दिया कि ब्रह्मसरोवर के आसपास सौंदर्यीकरण का काम चल रहा है। कुछ कामों के टेंडर हो चुके हैं। गीता द्वार पर भी काम जारी है। रेलवे एलिवेटेड ट्रैक का उद्घाटन हो चुका है। शहर को छह रेलवे फाटकों से मुक्त कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि ये काम तेजी से हुए हैं, लेकिन इनकी प्रशंसा नहीं की गई।