August 31, 2026
31 aug 20
  • बॉर्डर पर अपराधियों पर कसेगा शिकंजा

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :

सोनीपत और दिल्ली की सीमा पर जड़े जमा रहे अपराधियों और गैंगस्टरों की अब खैर नहीं है। दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में बढ़ते अंतरराज्यीय अपराध पर नकेल कसने के लिए हरियाणा और दिल्ली पुलिस के बड़े अधिकारियों ने साझा रणनीति तैयार की है।

सोमवार को सोनीपत में आयोजित एक हाई-स्तरीय कोऑर्डिनेशन मीटिंग में दोनों राज्यों के शीर्ष पुलिस अफसरों ने सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा चक्र मजबूत करने और अपराधियों के खिलाफ सीधी कार्रवाई करने पर रणनीति बनाई। यह बैठक सोनीपत की पुलिस आयुक्त ममता सिंह (IPS, ADGP) की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

इस बैठक में क्राइम नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए दोनों तरफ के शीर्ष अधिकारी टेबल पर मौजूद रहे। इनमें सोनीपत पुलिस से पुलिस आयुक्त ममता सिंह (IPS) और पुलिस उपायुक्त (क्राइम) नरेंद्र कादयान (IPS) और

दिल्ली पुलिस से जॉइंट सीपी विजय सिंह (IPS), डीसीपी शोभित सक्सेना (IPS), डीसीपी शशांक जायसवाल (IPS), एसीपी फिरोज आलम, एसीपी सार्थक त्यागी और इंस्पेक्टर अमित दहिया शामिल हुए।

फरार वांटेड अपराधियों की धरपकड़ पर फोकस

बैठक का मुख्य केंद्र अंतरराज्यीय सीमाओं का फायदा उठाकर भागने वाले शातिर अपराधियों पर शिकंजा कसना रहा। दोनों पुलिस बलों ने तय किया कि एक-दूसरे के क्षेत्र में छिपे वांछित (वांटेड) और इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए अब संयुक्त रूप से छापेमारी की जाएगी। इसके साथ ही, संगठित अपराध और अवैध हथियारों की तस्करी पर पूरी तरह से नकेल कसने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।

रीयल-टाइम इंटेलिजेंस शेयरिंग और साझा ऑपरेशन

सीमा पार अपराध रोकने के लिए सबसे बड़ा हथियार सूचनाओं का तेजी से आदान-प्रदान बनेगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि दोनों पुलिस बल रीयल-टाइम सूचना साझा करेंगे, जिससे अपराधियों को छिपने या भागने का मौका न मिले। किसी भी बड़ी घटना के तुरंत बाद बॉर्डर सीलिंग और जॉइंट चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे।

सुरक्षित NCR का संकल्प

बैठक के अंत में दोनों राज्यों के पुलिस अधिकारियों ने आपसी तालमेल को नए स्तर पर ले जाने की प्रतिबद्धता दोहराई। पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने कहा कि सोनीपत और दिल्ली पुलिस का यह बेहतर तालमेल न केवल अपराध दर में गिरावट लाएगा, बल्कि दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के आम नागरिकों को एक सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण भी प्रदान करेगा।