June 7, 2026
7 june 13

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हिसार जिले के गांव भिवानी रोहिल्ला में शनिवार देर रात चोरों ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम उखाड़ लिया। चोर मशीन से 6 लाख 67 हजार 400 रुपए की नकदी लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर बालसमंद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

बालसमंद-भादरा मुख्य मार्ग पर स्थित इस एटीएम को शनिवार शाम बैंक कर्मचारियों ने बंद किया था। देर रात करीब 2 बजे के बाद अज्ञात चोरों ने एटीएम को निशाना बनाया, पूरी मशीन उखाड़ी और नकदी लेकर भाग गए।

रविवार सुबह घटना का पता चलने पर बैंक अधिकारियों ने पुलिस को सूचित किया। बालसमंद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

एक्सपर्ट्स को मौके पर बुलाया गया

बालसमंद पुलिस चौकी प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। फिंगर प्रिंट विशेषज्ञों सहित अन्य जांच टीमों को भी बुलाया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पहले भी इसी एटीएम को बनाया था निशाना

भिवानी रोहिल्ला स्थित इसी यूनियन बैंक के एटीएम को वर्ष 2021 में भी चोरों ने निशाना बनाया था। उस समय बदमाशों ने गैस कटर का उपयोग कर एटीएम मशीन काटकर 3 लाख 82 हजार 700 रुपए चुराए थे।

चोरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की केबल भी काट दी थी। लगातार दूसरी बार इसी एटीएम पर हुई इस बड़ी चोरी की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।