May 30, 2026
30 may 8
  • 1 से 5 जून तक होगा, 5500 पदों पर होगी भर्ती

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने पुरुष कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) और पुरुष कांस्टेबल (गवर्नमेंट रेलवे पुलिस) भर्ती के लिए शारीरिक माप परीक्षण (PMT) में अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को अंतिम अवसर देने का फैसला किया है। आयोग ने इस संबंध में सार्वजनिक सूचना जारी कर 1 जून से 5 जून 2026 तक विशेष PMT कार्यक्रम घोषित किया है।

आयोग के अनुसार विज्ञापन संख्या 01/2026 की श्रेणी संख्या 01 और 03 के तहत आयोजित PMT के दौरान जो अभ्यर्थी निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं हो सके थे, उन्हें अब एक अंतिम मौका दिया जा रहा है। यह परीक्षण पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।

ये रहेगा शेड्यूल

जारी कार्यक्रम के अनुसार 20 अप्रैल से 1 मई के बीच अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों का PMT 1 जून को, 2 मई से 9 मई के बीच अनुपस्थित अभ्यर्थियों का 2 जून को, 11 मई से 16 मई के बीच अनुपस्थित रहे उम्मीदवारों का 3 जून को, 18 मई से 23 मई के बीच अनुपस्थित उम्मीदवारों का 4 जून को तथा 25 मई से 30 मई के बीच अनुपस्थित अभ्यर्थियों का PMT 5 जून को कराया जाएगा।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी अभ्यर्थियों को सुबह 6:30 बजे रिपोर्ट करना होगा और सुबह 10 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। उम्मीदवारों को अपने प्रवेश पत्र के साथ एक वैध पहचान पत्र भी लाना अनिवार्य होगा।

अलग से नहीं मिलेगा प्रवेश पत्र

HSSC ने यह भी साफ किया है कि इस कार्यक्रम के लिए कोई अलग प्रवेश पत्र जारी नहीं किया जाएगा और न ही डाक या ई-मेल के माध्यम से कोई अलग सूचना भेजी जाएगी। यदि कोई अभ्यर्थी निर्धारित तिथि पर भी PMT में उपस्थित नहीं होता है, तो उसे आगे कोई अन्य अवसर नहीं दिया जाएगा।