- बोले- सरकार की छवि होगी मजबूत
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : फरीदाबाद और गुरुग्राम के बीच रोजाना सफर करने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। दोनों शहरों को जोड़ने वाले 4 टोल प्लाजा अगले महीने बंद हो सकते हैं। टोल संचालन कर रही रिलायंस इंफ्रा का कॉन्ट्रैक्ट 12 जून को समाप्त हो रहा है। जिसके बाद सरकार को यह फैसला लेना है कि टोल व्यवस्था जारी रखी जाए या खत्म की जाए।
जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद-गुरुग्राम और बल्लभगढ़-सोहना मार्ग पर प्रतिदिन एक लाख से अधिक वाहन ड्राइवर आवाजाही करते हैं। यदि टोल वसूली बंद होती है तो इन यात्रियों को आर्थिक राहत मिलने के साथ-साथ सफर भी अधिक सुगम हो जाएगा।
साल 2009 में शुरू हुई योजना
साल 2009 में शुरू हुई गुरुग्राम-फरीदाबाद टोल रोड परियोजना के तहत रिलायंस इंफ्रा ने फरीदाबाद से गुरुग्राम और बल्लभगढ़ से सोहना तक सड़क बनाई गई थी, परियोजना पूरी होने के बाद कंपनी ने गुरुग्राम के बंधवाड़ी और नून्हेरा, फरीदाबाद के पाखल और पाली क्रेशर जोन में टोल प्लाजा स्थापित कर वसूली शुरू की थी। सड़क के रखरखाव की जिम्मेदारी भी कंपनी के पास ही है।
31 मई को खत्म हो रही योजना
टोल वसूली की मूल अवधि 31 मई 2026 तक निर्धारित थी, लेकिन कंपनी के अनुरोध पर इसे 12 जून तक बढ़ा दिया गया। अब रिलायंस इंफ्रा ने कॉन्ट्रैक्ट को आगे बढ़ाने का प्रस्ताव भी सरकार को भेजा है। हालांकि, लोक निर्माण विभाग (PWD) ने समय-सीमा बढ़ाने के पक्ष में सहमति नहीं दी है और टोल व्यवस्था समाप्त करने की सिफारिश की है।
बीजेपी विधायक ने लिखा पत्र
इस बीच बड़खल विधानसभा क्षेत्र के विधायक धनेश अदलखा ने सीएम को पत्र लिखकर टोल प्लाजा हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड प्रदेश के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल है, जहां पीक आवर्स में टोल पर लंबा जाम लग जाता है। इससे लोगों का समय और ईंधन दोनों बर्बाद होते हैं।
विधायक का मानना है कि यदि सरकार टोल वसूली बंद करने का निर्णय लेती है तो इससे आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा और सरकार की जनहितैषी छवि भी मजबूत होगी। अब लोगों की नजरें प्रदेश सरकार के अंतिम फैसले पर टिकी हैं, जो अगले कुछ दिनों में सामने आ सकता है।