- रोहतक सबसे गर्म शहर
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में आने वाले दिनों में एक बार फिर गर्मी बढ़ने वाली है। मौसम विज्ञान विभाग, चंडीगढ़ द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में 24 से 27 मई तक मौसम से शुष्क रहने की संभावना है, जबकि 26 और 27 मई को कई जिलों में गंभीर हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की गई है।
प्रदेश में शनिवार 23 मई को कई जिलों में मौसम में बदलाव देखा गया। जिसके चलते सिरसा, महेंद्रगढ़ व झज्जर जिलों में बारिश हुई। वहीं फरीदाबाद, फतेहाबाद व अन्य कई जिलों में बादल छाए रहे तथा तेज हवा भी चली। इससे लोगों को शनिवार को गर्मी से कुछ राहत अवश्य मिली।
मौसम की डिटेल नीचे बताएंगे, उससे पहले गर्मी के कारण गैजेट्स को होने वाले नुकसान के बारे में जान लीजिए
राज्य के कई हिस्सों में तापमान 45°C पार पहुंच गया है। इस दौरान मोबाइल, लैपटॉप या पावर बैंक जल्दी गर्म होते हैं। इससे बैटरी डैमेज, लो परफॉर्मेंस या अचानक डिवाइस बंद होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। आज ‘जरूरत की खबर’ में जानेंगे कि हाई टेम्परेचर का गैजेट्स पर क्या प्रभाव पड़ता है और इन्हें ओवरहीटिंग से कैसे बचाएं?
आज 11 जिलों में चलेगी हीटवेव
मौसम विभाग ने आज (रविवार को) महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, मेवात, पलवल, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में हीटवेव चलने की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।
28 को बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 28 और 29 मई को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती हैं। हालांकि इन गतिविधियों के बावजूद अगले चार दिनों तक अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। इसके बाद तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है।
रोहतक रहा सबसे गर्म
शनिवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। रोहतक राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं सिरसा में 44 डिग्री, हिसार में 42.4 डिग्री, अंबाला में 41.2 डिग्री और महेंद्रगढ़ में 41.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। नारनौल में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
डिहाइड्रेशन का खतरा
विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी के कारण लू और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की जरूरत है।