January 8, 2026
CJI SURYA KANT

भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत शपथ ग्रहण के बाद पहली बार कल अपने गृह जिले हिसार आ रहे हैं। यहां उनका बचपन से लेकर कॉलेज दिनों तक का समय बीता है।

उनके आगमन को लेकर हरियाणा सरकार, हरियाणा एंड पंजाब हाईकोर्ट से लेकर हिसार प्रशासन तैयारियों में जुटा है।

वहीं जिलाधीश महेंद्र पाल ने भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के 9 व 10 जनवरी के दौरे के दृष्टिगत सभी कार्यक्रम स्थल पर कानून व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 में वर्णित प्रदत्त शक्तियों के अंतर्गत ड्रोन नियम 2021 के तहत रेड जोन घोषित करते हुए निषेधाज्ञा के आदेश पारित किए गए हैं।

सीजेआई का जिस-जिस रूट पर कार्यक्रम है, उसको चमकाया जा रहा है। सुरक्षा के हर बिंदुओं की जांच की जा रही है।

हिसार रेंज के आईएएस और एचपीएस अधिकारियों को सुरक्षा में लगाया गया है। 3 आईएएस, 11 डीएसपी सहित नौ पुलिस की कंपनियां सुरक्षा में लगाई गई हैं।

एक कंपनी में करीब 100 पुलिसकर्मी होंगे। कार्यक्रम की संवेदनशीलता को देखते हुए चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा रहेगा।

सीजेआई के कार्यक्रमों में केवल आई कार्ड के जरिए ही एंट्री होगी। हिसार से हांसी जाने वाले रूट को क्लियर किया जा रहा है।

ट्रैफिक प्लान इसके लिए बनाया जा रहा है। हिसार शहर में उनके आगमन पर पुलिस नाकाबंदी कर सकती है।