December 5, 2025
WhatsApp Image 2025-12-04 at 4.28.44 PM

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने करोड़ो रूपए के विकास कार्यो की घोषणा करते हुए प्रदेश के लोगों को कई बड़ी सौगातें दी। उन्होंने बाबैन के गांव रामशरण माजरा में राजकीय महाविद्यालय, लाडवा में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की तरफ से सैक्टर बनाने और लाडवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को 30 बैड से बढ़ाकर 50 बैड तक अपग्रेड करने की सौगात दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि संत शिरोमणी श्री सैन जी महाराज ने धर्म और जाति से ऊपर उठकर मानवता की सेवा का संदेश दिया। उनकी शिक्षाओं को नई पीढिय़ों तक पहुंचाने के लिए आज उनकी जयंती को सरकार द्वारा राज्य स्तर पर मनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी वीरवार को लाडवा की अनाजमंडी में आयोजित संत शिरोमणि श्री सैन जी महाराज जयंती के उपलक्ष्य में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। इस राज्य स्तरीय जयंती समारोह में सैन समाज के लोगों ने 33 फुट की भव्य फूल माला के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 16.50 करोड़ रुपए की लागत की 6 परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 51 लाख, मंत्री रणबीर गंगवा, कृष्ण बेदी व श्याम सिंह राणा ने 11-11 लाख रुपए देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि संत शिरोमणि श्री सैन जी महाराज का जन्म विक्रमी सम्वत् 1557 में, वैशाख मास के कृष्ण पक्ष की द्वादशी को मध्यप्रदेश के बांधवगढ़ में हुआ था। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि श्री सैन जी महाराज ने गृहस्थ जीवन के साथ-साथ भक्ति मार्ग पर चलकर सत्य, अहिंसा और प्रेम का संदेश दिया। उन्होंने संत श्री रामानंद जी से दीक्षा प्राप्त की। इसके बाद अनेक तीर्थ स्थलों की यात्रा की।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि महान संत शिरोमणि श्री सैन जी महाराज का अनुयायी सैन समाज परिश्रमी और स्वाभिमानी समाज है। आपके समाज में महान शासक, स्वतंत्रता सेनानी और दूरदर्शी महापुरुष हुए हैं। सैन राजवंश ने 12वीं शताब्दी के मध्य से 160 वर्षों तक बंगाल पर शासन किया। इनमें हेमन्त सैन, विजय सैन, बल्लाल सैन, लक्ष्मण सैन और सूर्य सैन जैसे शासक प्रमुख थे। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में भी सैन समाज ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। चटगांव विद्रोह के नायक सूर्य सैन को आज भी हम श्रद्धा से याद करते हैं। उन्होंने 12 जनवरी, 1934 को फांसी के फंदे को चूमा था। उनका बलिदान कभी भी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि राजनीति में भी सैन समाज ने उल्लेखनीय योगदान दिया है। समाजवादी नेता और भारत रत्न स्वतंत्रता सेनानी कर्पूरी ठाकुर ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि संत-महात्मा और गुरु हमारी अमूल्य धरोहर हैं। उनकी शिक्षाओं से हम सबको मार्गदर्शन मिलता है। हम सबकी जिम्मेदारी है कि हम इन महान विभूतियों की विरासत को संभालें और सहेज कर रखें। इसी उद्देश्य से हमने प्रदेश में संत-महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना चलाई हुई है। इसके तहत संतों और महापुरुषों के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रहे है  ताकि आने वाली पीढ़ी उनसे प्रेरित हो और उनके जीवन से मार्गदर्शन प्राप्त कर सके। उन्होंने कहा कि संत-महापुरुषों द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए, हम प्रदेश में कई कल्याणकारी योजनाएं चला रहे हैं। इस समाज में सभी के मन में संत शिरोमणि सैन जी महाराज के प्रति गहरी श्रद्धा और सम्मान है। प्रदेश सरकार ने पिछड़े वर्गों के उत्थान व कल्याण के लिए पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन किया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गरीब व जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत सालाना 5 लाख रुपए तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिलती है। इस योजना के तहत 25 लाख से अधिक लोगों के इलाज के लिए 4124 करोड़ रुपए के क्लेम दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना को हरियाणा में मुख्यमंत्री विश्वकर्मा सम्मान योजना शुरू की है। इस योजना में प्रदेश के 30 हजार 655 कारीगरों का कौशल प्रशिक्षण पूरा हो चुका है, इसके अलावा, 6 हजार कारीगरों को 56 करोड़ रुपये के ऋण दिये जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि किसी भी समाज का उत्थान करने के लिए उसे आधुनिक शिक्षा देना भी जरूरी है। इसलिए सरकार ने  हरियाणा पिछड़े वर्गों को शैक्षणिक संस्थाओं तथा नौकरियों में दाखिले में 27 प्रतिशत आरक्षण दिया है। पिछड़े वर्गों के परिवारों के बच्चों की पढ़ाई के लिए देश में 15 लाख रुपये तथा विदेश में 20 लाख रुपये तक का ऋण 4 प्रतिशत वार्षिक ब्याज पर दिया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *