September 20, 2024

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र से चुनाव अभियान का शंखनाद किया जा रहा है प्रदेश की 90 विधानसभाओं में ऐसी भव्य जनसभाएं आयोजित की जाएंगी। इस सभा में  लोगों की विशाल उपस्थिति वर्तमान सरकार के कार्यों एवं नीतियों में जनता के विश्वास का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने गीता का पवित्र संदेश इसी धरती से दिया था। इस पवित्र संदेश को आत्मसात करते हुए वर्तमान राज्य सरकार पिछले 10 वर्षों में प्रदेश में विकास की नई इबारत लिखी है। हमने व्यवस्था परिवर्तन का काम किया है।

सरकारी नौकरी में बिचौलियों की भूमिका को खत्म करते हुए हमने बिना किसी भेदभाव के मेरिट और पारदर्शिता के आधार पर 1,41,000 युवाओं को नौकरी प्रदान की है। साथ ही 40,000 और पदों पर भर्ती करने का निर्णय लिया है। प्रदेश में भय, भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, क्षेत्रवाद को खत्म कर विकसित हरियाणा की नींव हमने पिछले 10 सालों में रखी है।

विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछली सरकारों के कार्यकाल में विकास के मामलों में क्षेत्रवाद का बोलबाला था और जनता भय, भ्रष्टाचार का माहौल झेल रही थी, 2014 में जनादेश मिलने के बाद वर्तमान भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने नेक नीयत और बुलंद इरादों से जनता के अविश्वास को विश्वास में बदलने का काम किया।

आज हरियाणा नया आकर ले रहा है, उद्योग का पहिया तेजी से घूम रहा है, खेती में भरपूर पैदावार हो रही है, महिलाओं का उत्थान सुनिश्चित हुआ है। आज हरियाणा के विकास की चर्चा पूरे देश में हो रही है और अन्य राज्य भी इसका अनुसरण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 10 सालों में गांवों के विकास पर 23586 करोड रुपए की राशि खर्च करके ग्रामीण आंचल में  विकास को एक नई दिशा दी गई है।

गत दस वर्षों में करोड़ों रुपए के किये जा रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार मजबूती से देश और प्रदेश को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। हमने हर विधानसभा क्षेत्र में 10 करोड़ के विकास कार्य करवाने का लक्ष्य निर्धारित किया है ताकि विकास को और गति प्रदान की जा सके।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई लोकप्रिय अग्निपथ योजना के तहत हरियाणा सरकार ने अग्निवीरों के लिए सरकारी नौकरी में 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया है। इन भर्तियों में उम्मीदवारों को ऊपरी आयु सीमा में 3 वर्ष अतिरिक्त वर्षों की छूट प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही अग्निवीरों को उद्योग लगाने के लिए 5 लाख का लोन बिना ब्याज के दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *