April 21, 2025
09 nov Ambala 06

भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस के सिर पर भ्रष्टाचार की गठरी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री मनोहर लाल के सिर पर विकास की गठरी है। भाजपा विकास की राजनीति करती है और कांग्रेस भ्रष्टाचार तथा परिवारवाद की राजनीति करती है।

सैनी ने कहा कि मोदी-मनोहर सरकार के द्वारा गांव, गरीब, किसान की खुशहाली व प्रगति के लिए किये गए कार्यों से इन 9 सालों में भाजपा पर जनता जर्नादन का भरोसा और अधिक मजबूत हुआ है।

कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और आमजन का उत्साह बता रहा है कि 2024 में मोदी-मनोहर के नेतृत्व में देश और प्रदेश में भाजपा हैट्रिक लगाएगी। अपने नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम के तहत गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी अंबाला में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।

नागरिक अभिनंदन समारोह में पहुंचने से पहले प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने प्रदेश के गृहमंत्र अनिल विज से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंटवार्ता की। दोनों नेताओं ने विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा की। इसके बाद श्री सैनी समारोह स्थल पहुंचे। यहां पहुंचने पर गृहमंत्री अनिल विज ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी का पगड़ी पहनाकर स्वागत किया।

इस मौके पर विधायक असीम गोयल, जिला अध्यक्ष राजेश बतौरा, प्रदेश मीडिया एवं सोशल मीडिया प्रमुख डा. संजय शर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बंतो कटारिया, पदाधिकारियों, सरपंचों व अनेक सामाजिक संगठनों ने नायब सैनी का फूल मालाओं, ढोल नगाड़ों से जोरदार स्वागत किया।

उत्साहित कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिंदाबाद, नायब सैनी जिंदाबाद, मोदी और मनोहर जिंदाबाद के नारे लगाए। कार्यकर्ताओं का उत्साह और जनता से मिले अपार समर्थन से गदगद हुए नायब सैनी ने कहा कि आप लोगों द्वारा दी गई पगड़ी का सदैव मान और सम्मान रखूंगा।

नायब सैनी ने कहा कि साढ़े नौ सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतरते हुए भारत को सुरक्षित बनाया है। गरीब कल्याण के लक्ष्य को चरितार्थ किया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल सरकार ने  हरियाणा में पिछली सरकार से कई गुणा अधिक काम किया है। नौकरियों में पारदर्शिता लाई गई है और भाई-भतीजावाद, सिफारिश, पर्ची-खर्ची सब पर लगाम लगाई गई है।

उन्होंने कहा कि अब लोगों को नौकरियों और ट्रांसफर कराने के लिए राजदरबारों में चक्कर नहीं लगाने पड़ते।  श्री सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन करते हुए भय, भ्रष्टाचार और भेदभाव के माहौल से जनता को राहत देने का काम किया है। डबल इंजन की सरकार ने कल्याणकारी योजनाएं बनाकर गरीबों को बहुत बड़ी राहत पहुंचाई है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के समय में खूब भ्रष्टाचार होता था। कांग्रेस शासन में पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा था कि केंद्र से 100 रुपये भेजे जाते हैं जो आगे जाते-जाते 15 रुपये रह जाते हैं। कांग्रेस को इन 85 रुपयों की कोई चिंता नहीं थी।

आज केंद्र से एक रुपया आता है तो मुख्यमंत्री मनोहर लाल सवा रूपया करके उसे गरीबों तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। मोदी और मनोहर सरकार ने गरीब लोगों की चिंता करनी शुरू की और उनके कल्याण के लिए अनेकों योजनाएं बनाई जिनका लाभ आज देश और प्रदेश के लोगों को मिल रहा है।

मोदी के नेतृत्व में मजबूत और सशक्त हो रहे भारत पर बोलते हुए श्री सैनी ने कहा कि विश्व में अब भारत की साख बढ़ रही है। श्री सैनी ने कहा यह मोदी का मजबूत भारत है जिसका लोहा पूरी दुनिया मान रही है। उन्होंनें ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यकर्ताओं के दम पर धारा 370 को मिटाया। आज अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है। भाजपा की सरकार ने हमारी सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का काम किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *