October 19, 2024
कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद श्री राहुल गांधी जी की भारत जोड़ो यात्रा को देश के हर वर्ग का भरपूर समर्थन मिल रहा है। राहुल गांधी जी को देश भर में मिल रहे अपार जनसमर्थन से भाजपा पूरी तरह से बौखला गई है। भाजपा सरकार की नीतियों से त्रस्त देश आज भारत जोड़ो यात्रा के जरिए एकजुट हो रहा है।  यह यात्रा देश के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगी।
हिसार में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि आज हर वर्ग बेरोजगारी, महंगाई से जूझ रहा है, कारोबार चौपट हैं। लोगों की नौकरियां जाए रही हैं। मगर सरकार को जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है। आज अंतरराष्ट्रीय स्तर कच्चे तेल के दाम लगातार कम होते जा रहे हैं, मगर भाजपा सरकार द्वारा देश की जनता को इसका कोई लाभ नहीं दिया जा रहा। लगातार बढ़ रही महंगाई से लोगों की थाली से दाल-रोटी भी गायब होने लगी हैं। केंद्र सरकार की लचर आर्थिक नीतियों की वजह से दूध, अनाज, सब्जियों, मसालों, दाल व फल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। लोगों के रोजगार जा रहे हैं और महंगाई बढ़ रही है। असमानता के हालात पैदा हो रहे हैं, जिससे लोग कम खर्च में अपना गुजारा करने की कोशिश कर रहे हैं। यही हाल रहा तो वे कुछ समय बाद खान-पीने की चीजों के मोहताज होने लगेंगे।
कुमारी सैलजा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण डॉलर के मुकाबले रुपया लगातार गिर रहा है। रुपये को इसके न्यूनतम स्तर पर ले जाने का श्रेय केंद्र की मौजूदा सरकार को ही जाता है। खाने-पीने की चीजों को रिकॉर्ड स्तर तक महंगा करने का श्रेय भी भाजपा सरकार को ही जाता है। जिस तरह से जुलाई मे महीने में दूध, दही, लस्सी, अनाज आदि पर जीएसटी थोपा गया था, उसका असर अगस्त महीने को लेकर जारी रिपोर्ट में सामने आ चुका है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार दोनों की नाकाम और विफल नीतियों के कारण बेरोजगारी के मामले में हरियाणा के हालात सबसे अधिक खराब हैं। यही कारण है कि बीते कई वर्षों से प्रदेश की बेरोजगारी दर देश में सबसे अधिक बनी हुई है। अगस्त माह में हरियाणा की बेरोजगारी दर पूरे देश में सबसे अधिक 37.3 प्रतिशत तक पहुँच गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *