November 25, 2026
25 nov 4
  • राशि कटने का मैसेज आया ना OTP दिया

कुरुक्षेत्र में फेसबुक पर रील देखते समय महिला को दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के नाम से ऐड दिखाई दी। ऐड में दिए लिंक पर क्लिक करते ही उसका फोन हैक हो गया।

साइबर ठगों ने चार दिन में उसके बैंक खाते से 6 बार में 3.57 लाख रुपए निकाल लिए। पैसे कटने का कोई मैसेज भी नहीं आया। पति ने 151 रुपये का गूगल-पे ट्रांजेक्शन किया तो खाते में सिर्फ 849 रुपए ही बचे।

पति की प्राइवेट नौकरी

वार्ड-9 की रहने वाली ज्योति के मुताबिक, उसका पति प्राइवेट नौकरी करता है। उसका सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक में खाता है। इस खाते से पति का मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड है और उसी नंबर पर वह गूगल-पे चलाता है।

रील देखते हुए क्लिक हुआ

ज्योति ने बताया कि 26 अक्टूबर को वो अपने पति के साथ घर पर फेसबुक पर रील देख रही थी। इसी दौरान दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के नाम से एक ऐड दिखाई दी। ऐड में दिए लिंक पर उसने क्लिक कर दिया।

लिंक डिलीट कर फोन किया रीस्टार्ट

इसके तुरंत बाद उसका फोन अचानक हैक हो गया। उसने तुरंत उस लिंक को डिलीट किया और फोन बंद करके दोबारा चालू किया। फोन सामान्य रूप से चलने लगा। उन्हें लगा कि अब कोई परेशानी नहीं है।

चार दिन में 6 बार खाते से निकाले रुपए

साइबर ठगों ने उसके बैंक खाते से 6 बार में कुल 3 लाख 57 हजार रुपए निकाल लिए। सभी ट्रांसजेक्शन 4 दिन के अंदर हुई। उसके पास पैसे कटने का कोई मैसेज तक नहीं आया। उन्होंने OTP भी किसी को नहीं बताया।

151 रुपये का ट्रांजेक्शन किया तो खुला मामला

इसके बाद एक दिन उसके पति ने खाते से गूगल-पे के जरिए 151 रुपए किसी के भेजे। तब खाते का बैलेंस चेक किया तो उसमें सिर्फ 849 रुपये बचे थे। इतनी कम रकम देखकर पति-पत्नी को शक हुआ।

दोनों बैंक पहुंचे और खाते की जानकारी ली। वहां पता चला कि छह ट्रांजेक्शन के जरिए खाते से 3.57 लाख रुपये दूसरे बैंक खातों में भेजे गए हैं। इसकी शिकायत ऑनलाइन की गई। अब साइबर पुलिस केस की जांच कर रही है।