- विज की समीक्षा बैठक से पहले एमडी के सख्त निर्देश, लापरवाही पर गिरेगी गाज
हरियाणा ब्रेेेकिंग न्यूज : हरियाणा में बिजली उपभोक्ताओं और खासकर किसानों को बड़ी राहत देते हुए बिजली निगम प्रबंधन ने खराब ट्रांसफार्मर बदलने की डेडलाइन तय कर दी है।
अब शहरी क्षेत्रों में खराब ट्रांसफार्मर हर हाल में 2 घंटे और ग्रामीण इलाकों में 4 घंटे के भीतर बदलना अनिवार्य होगा। साथ ही, खराब ट्रांसफार्मर को बदलने के लिए किसानों से वाहन या परिवहन की व्यवस्था करने की अपेक्षा नहीं की जाएगी।
निगम खुद इसके लिए गाड़ियों और मोबाइल ट्रॉलियों का इंतजाम करेगा। वहीं आगामी 9 दिसंबर को ऊर्जा मंत्री अनिल विज उत्तर (UHBVN) और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करेंगे।
बैठक से दो सप्ताह पहले एमडी के आदेश
इस महा-समीक्षा से ठीक दो सप्ताह पहले दोनों निगमों के प्रबंध निदेशक (MD) विक्रम सिंह ने सभी मुख्य व अधीक्षण अभियंताओं और फील्ड अधिकारियों को अलर्ट मोड पर डाल दिया है।
एमडी ने स्पष्ट कर दिया है कि हर सब-डिवीजन में पर्याप्त ट्रांसफार्मर बैंक और कार्यशील मोबाइल ट्रॉली उपलब्ध रहनी चाहिए। गर्मी और धान के सीजन के लिए चार से पांच माह के आधार पर ठेकेदारों व वाहनों की अग्रिम व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
बैठक से पहले एमडी के प्रमुख निर्देश…
सुबह 11 बजे तक मंत्री कार्यालय जाएगी रिपोर्ट: बिजली आपूर्ति के दैनिक आंकड़ों को अपडेट कर रोजाना सुबह 11 बजे तक ऊर्जा मंत्री कार्यालय भेजना अनिवार्य किया गया है। फीडरों (11 व 33 केवी) के पास पेड़ों की छंटाई समय पर पूरी करने और कर्मचारियों को पूरी सुरक्षा किट देने के निर्देश हैं।
डिस्कनेक्ट परिसरों में दूसरा कनेक्शन मिला तो चार्जशीट: बकाया बिल के कारण स्थायी रूप से काटे गए कनेक्शनों के परिसरों में नया या दूसरा कनेक्शन देने के खेल पर सख्ती होगी। तीन अधिकारियों की कमेटी भौतिक सत्यापन करेगी। गड़बड़ी मिलने पर कनेक्शन तुरंत कटेगा और जिम्मेदार अफसर-कर्मचारी को नियम-8 के तहत चार्जशीट दी जाएगी।
डिफॉल्टरों पर लैंड रेवेन्यू एक्ट का शिकंजा: सरकारी विभागों और बड़े डिफॉल्टरों से बकाया वसूली के लिए विशेष अभियान चलेगा। स्थायी रूप से कनेक्शन कटवा चुके बकायादारों से वसूली के लिए तहसीलदारों के माध्यम से लैंड रेवेन्यू एक्ट के तहत नोटिस जारी होंगे। डीसी की मासिक बैठक में भी इस पर निगरानी होगी।
बिजली चोरी पर 3 महीने में कोर्ट चालान: विजिलेंस विंग को एफआईआर दर्ज होने के 3 माह के भीतर कोर्ट में चालान पेश करना होगा। पुराने लंबित मामलों का एक महीने में निपटान करने और पहली बार व बार-बार चोरी करने वालों का अलग रिकॉर्ड तैयार करने को कहा गया है।
पीएम सूर्य घर योजना- हर जोन में रोज 100 कनेक्शन: मार्च 2027 तक प्रदेश के 2.20 लाख घरों पर सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य है। इसके लिए हर महीने 12,500 और प्रत्येक जोन में रोजाना 100 सोलर कनेक्शन लगाने होंगे। सभी सरकारी भवनों पर एक साल में सोलर पैनल लगेंगे और टॉप-3 सर्कल सम्मानित होंगे।
सब-स्टेशन सुरक्षा और ऑनलाइन स्टॉक: जलभराव से सब-स्टेशनों को बचाने, अर्थिंग व लाइटनिंग अरेस्टर के लंबित काम पूरे करने और स्टोर में सामान की रियल-टाइम निगरानी के लिए ऑनलाइन मैनेजमेंट डैशबोर्ड बनाने के निर्देश दिए गए हैं।