- 6 राज्यों के खिलाड़ी खेलेंगे T20 क्रिकेट मुकाबले, MLA कपूर वाल्मीकि बोले-खेल नीति का खिलाड़ियों को मिला लाभ
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ हरियाणा की ओर से विश्व दिव्यांग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली 4 दिवसीय राष्ट्रीय स्तर की टी-20 क्रिकेट चैंपियनशिप की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। इस दौरान एसोसिएशन के चीफ पैटर्न एवं बवानीखेड़ा के विधायक कपूर वाल्मीकि ने प्रतियोगिता के लिए तैयार की गई ट्रॉफी का अनावरण किया।
विधायक कपूर वाल्मीकि ने कहा कि उन्होंने दिव्यांग खिलाड़ियों को क्रिकेट खेलते हुए देखा है। उनका खेल और प्रदर्शन किसी भी सामान्य खिलाड़ी से कम नहीं है। ये खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर देश-दुनिया में नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ी किसी से कम नहीं हैं और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर अवसर मिलने चाहिए।
प्रदेश सरकार की खेल नीति का लाभ खिलाड़ियों को मिल रहा-विधायक
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार की खेल नीति का लाभ खिलाड़ियों को मिल रहा है। राज्य और केंद्र सरकार खिलाड़ियों को नौकरियां तथा करोड़ों रुपए की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित कर रही हैं। पैरा ओलंपिक से लेकर एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ और ओलंपिक तक उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकार प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि दिव्यांग खिलाड़ियों की समस्याओं और मांगों को सरकार के समक्ष उठाया जाएगा, ताकि उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिल सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि हांसी में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए शानदार प्रदर्शन करेंगे।
29 नवंबर से 2 दिसंबर तक आयोजित होंगे मुकाबले
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष एसएस मान, संरक्षक गोवर्धन आचार्य एवं राजकुमार सुनसुना ने बताया कि 29 नवंबर से 2 दिसंबर तक आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 6 राज्यों के दिव्यांग खिलाड़ी टी-20 क्रिकेट मुकाबलों में भाग लेंगे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करवाना तथा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में प्रयास करना है।
उन्होंने बताया कि दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें उचित सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए बीसीसीआई एवं सरकार को कई बार पत्र लिखे जा चुके हैं। दिव्यांग क्रिकेट से जुड़ी सभी एसोसिएशनों को मजबूत बनाने के प्रयास लगातार जारी हैं। भविष्य में भी बड़े स्तर पर चैंपियनशिप आयोजित करने की योजना है, ताकि दिव्यांग खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अधिक अवसर मिल सकें।