- बिजली कनेक्शन देने की एवज में ले रहा था ₹15 हजार, ACB ने बिछाया ट्रैप
हरियाणा ब्रेेकिंग न्यूज : फतेहाबाद जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली निगम के एक कनिष्ठ अभियंता (JE) को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
भिवानी से पहुंची एसीबी टीम ने गांव बडोपल स्थित बिजली निगम कार्यालय में छापेमारी कर जेई रतन लाल को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए दबोच लिया। कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम आरोपी जेई को अपने साथ ले गई है, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
ढाणी में बिजली कनेक्शन के लिए किसान को कर रहा था परेशान
जानकारी के अनुसार, ढाणी खासा महाजन निवासी एक किसान ने अपनी ढाणी में बिजली कनेक्शन लगवाने के लिए निगम में आवेदन किया था। किसान ने एंटी करप्शन ब्यूरो को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि बिजली कनेक्शन जारी करने की एवज में बडोपल कार्यालय में तैनात जेई रतन लाल उससे 15 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है और काम लटका कर उसे लगातार परेशान कर रहा है।
भिवानी से आई ACB टीम ने बिछाया जाल, पैसे लेते ही दबोचा
किसान की शिकायत का सत्यापन करने के बाद भिवानी से एसीबी इंस्पेक्टर जगजीत सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम गुरुवार को बडोपल पहुंची और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
योजना के मुताबिक, एसीबी टीम ने शिकायतकर्ता किसान को रंग लगे 15 हजार रुपए देकर जेई रतन लाल के पास कार्यालय में भेजा। जैसे ही किसान ने आरोपी जेई को रिश्वत की राशि थमाई, इशारा मिलते ही बाहर तैनात एसीबी की टीम ने कार्यालय में दबिश देकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।