- फरीदाबाद-सोनीपत के लिए अडाणी समूह कतार में
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के गुरुग्राम और नूंह में बिजली सप्लाई का प्राइवेट लाइसेंस रोकने के फैसले के खिलाफ इलेवन पावर कंपनी ने अपील दायर की है। इस पर बुधवार को एपीलेट ट्रिब्यूनल फॉर इलेक्ट्रिसिटी (APTEL) में सुनवाई होगी।
इस सुनवाई का फैसला अहम होगा, क्योंकि इससे प्रदेश में बिजली सप्लाई के क्षेत्र में निजी कंपनियों की एंट्री का रास्ता तय होगा। अडाणी ग्रुप भी सोनीपत और फरीदाबाद में बिजली सप्लाई का लाइसेंस लेने के लिए आवेदन कर चुका है।
दरअसल, हरियाणा इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमीशन (HERC) ने गुरुग्राम और नूंह में बिजली सप्लाई का लाइसेंस इलेवन पावर को दिया था। इसके विरोध में बिजली कर्मचारी यूनियनों ने 22 और 23 अक्टूबर को हड़ताल की थी। इसके बाद सरकार बैकफुट पर आ गई। मुख्यमंत्री ने भी लाइसेंस पर रोक लगाने के लिए कमीशन को पत्र लिखा था।
जानिए क्यों अहम होगा APTEL का फैसला फैसला आने में अभी समय लग सकता है
एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस मामले में फैसला बहुत जल्दी आएगा, ऐसी संभावना कम है। क्योंकि कई स्टेप्स की प्रक्रिया चलेगी। APTEL का फैसला सरकार और एचईआरसी के खिलाफ आता है तो फिर वो APTEL में रिव्यू याचिका दायर कर सकते हैं। फिर भी APTEL का फैसला नहीं बदलता तो फिर सरकार, निगमों और एचईआरसी के पास प्राइवेट कंपनी को लाइसेंस देने के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में जाने का विकल्प होगा।
फैसले से खुलेगा निजीकरण का रास्ता
सुप्रीम में सभी स्टेकहोल्डर्स का फोकस APTEL के फैसले पर स्टे पर लगवाने को रहेगा। एक्सपर्ट्स के मुताबिक ये इतना आसान नहीं है और पूरा मसला लंबी कानूनी लड़ाई का रुप ले सकता है। अगर सुप्रीम कोर्ट APTEL फैसला नहीं बदलता तो फिर सरकार, निगमों और एचईआरसी के पास सुप्रीम कोर्ट में डबल बैंच में जाने का विकल्प बचेगा।
अडाणी समूह के आवेदन अभी लंबित
अडाणी समूह ने सोनीपत और फरीदाबाद जिलों में बिजली वितरण लाइसेंस के लिए HERC में आवेदन किया है। क्योंकि इलेवन पावर को लाइसेंस देने के मामले पर बिजली कर्मचारी पहले ही कड़ा रुख अख्तियार किए हुए हैं, तो फिलहाल अडाणी समूह के लाइसेंस मामले को फिलहाल होल्ड पर रखा गया है। समूह के आवेदन पर अभी सुनवाई नहीं शुरु की गई है।
सबसे ज्यादा रेवेन्यू गुरुग्राम और नूंह से
बिजली कर्मचारियों के अनुसार दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम को वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान 9,493 करोड़ का रेवेन्यू मिला था। इसमें से करीब 43% गुरुग्राम व नूंह से आता है। इन जिलों में करीब 8.3 लाख बिजली उपभोक्ता हैं। इसी का हवाला देते हुए बिजली कर्मचारी निरंतर विरोध कर रहे हैं । उनका कहना है कि सबसे ज्यादा मुनाफे वाले गुरुग्राम और नूंह में प्राइवेट कंपनी को एंट्री देना बेहद घाटे का सौदा होगा जिसके चलते सभी स्टाकहोल्डर्स खासकर किसानों, आमजन, सरकार और कर्मचारियों के हित प्रभावित होंगे।
हरियाणा में चार बिजली निगम
हरियाणा में चार सरकारी बिजली निगम हैं, जो राज्य में बिजली उत्पादन, ट्रांसमिशन और वितरण का कार्य संभालती हैं। इनमें उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBPN) उत्तर हरियाणा और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBPN) दक्षिण हरियाणा क्षेत्र में बिजली का वितरण करती है।
हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (HVPNL) यह राज्य में बिजली ट्रांसमिशन का काम संभालती है। हरियाणा पावर जेनरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPGCL) राज्य में बिजली के उत्पादन का काम देखती है।