November 18, 2026
18 nov 4
  • हॉर्टअटैक से पेशेंट की मौत मामला, 2 घंटे हड़ताल पर नर्सिंग ऑफिसर आज

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : पंचकूला सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल में 35 वर्षीय हार्ट पेशेंट आशीष कुमार की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने कड़ा एक्शन लिया है। जांच में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (एमओ) डॉ. ध्रुव और 6 नर्सिंग ऑफिसर्स को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।

डीजीएचएस डॉ. मनीष बंसल के आदेश पर इन सभी के खिलाफ हरियाणा सिविल सेवा नियम-7 के तहत गंभीर आरोप तय करते हुए सिविल सर्जन को एक हफ्ते में चार्जशीट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्रवाई के तहत एक सीनियर नर्सिंग ऑफिसर और 2 नर्सिंग ऑफिसर्स को अंबाला शहर के सिविल अस्पताल भेजा गया है, जबकि 3 नर्सिंग ऑफिसर्स को अंबाला कैंट अस्पताल अटैच किया गया है।

लिफ्ट बंद, रैंप के रास्ते पैदल गया, इसी दौरान मौत

मनीमाजरा निवासी 35 वर्षीय आशीष 11 अक्टूबर की रात सीने में दर्द उठने पर अपने 17 साल के भांजे आरव के साथ खुद बाइक चलाकर अस्पताल पहुंचे थे। इमरजेंसी से उन्हें तीसरी मंजिल पर जाने को कहा गया। उस वक्त लिफ्ट बंद थी और सीढ़ियों पर ताला लगा था। मजबूरन रैंप से पैदल ऊपर जाते समय रात 2:35 बजे वे बेहोश होकर गिर पड़े और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।

अब जानिए, जांच कमेटी की रिपोर्ट में खुलासे…

  • 4 डॉक्टरों की टीम ने की जांच : सिविल अस्पताल की 4 सदस्यीय इंटरनल कमेटी (पीएमओ डॉ. आरएस चौहान, डिप्टी सीएमओ डॉ. अर्चना अग्रवाल, आरएमओ डॉ. मनदीप और एमओ डॉ. गिरीश) ने अपनी जांच रिपोर्ट में अस्पताल की व्यवस्था की पोल खोल दी है:
  • बिना लाइफ सेविंग दवा के पैदल भेजा: 11 अक्टूबर की रात 2:18 बजे जब आशीष इमरजेंसी में पहुंचे, तो ईसीजी में हार्ट अटैक के साफ संकेत थे। इसके बावजूद उन्हें कोई लाइफ सेविंग दवा दिए बिना रात 2:27 बजे तीसरी मंजिल पर स्थित कार्डियक सेंटर (रूम नंबर-601) जाने को कह दिया गया।
  • ड्यूटी से नदारद थे डॉक्टर: जांच में सामने आया कि इमरजेंसी में तैनात एमओ डॉ. ध्रुव रात करीब 11:30 बजे ही ड्यूटी छोड़कर जा चुके थे। वहीं, दूसरे डीएनबी डॉक्टर नीरज पांडे सीसीटीवी फुटेज में कहीं नजर ही नहीं आए।
  • रैंप पर गिरे, सीपीआर तक नहीं दिया: गंभीर मरीज को न स्ट्रेचर दिया गया और न ही कोई स्टाफ साथ भेजा गया। पैदल ऊपर जाते समय मरीज रैंप पर ही गिर पड़े। किसी तरह ऊपर पहुंचने पर भी प्रोटोकॉल के तहत सीपीआर देने के बजाय उन्हें वापस नीचे इमरजेंसी भेज दिया गया, जहां 3:34 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
  • रिकॉर्ड्स में हेराफेरी का खेल: जब आशीष अस्पताल पहुंचे, तो बने कार्ड पर मरीज का नाम तक नहीं लिखा गया था। सिर्फ ‘चेस्ट पेन’ लिखकर रूम नंबर-47 और 601 डाल दिया गया था।मरीज की मौत रात 3:34 बजे हो चुकी थी, लेकिन तड़के 4:56 बजे एक नया कार्ड बनाया गया। इसमें आशीष का नाम लिखकर उन्हें ‘एडमिट’ दिखाया गया और कार्डियोलॉजी रेफरेंस व प्रोटोकॉल के तहत सीपीआर देने की एंट्री की गई।

नर्सिंग एसोसिएशन ने खोला मोर्चा, दी हड़ताल की चेतावनी

कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा ने अस्पताल में डीजी हेल्थ डॉ. मनीष बंसल से मुलाकात की। एसोसिएशन का आरोप है कि जांच कमेटी में एक भी नर्सिंग ऑफिसर को शामिल नहीं किया गया और डॉक्टरों को बचाने के लिए नर्सिंग स्टाफ को बलि का बकरा बनाया जा रहा है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि सस्पेंशन और टर्मिनेशन वापस नहीं लिए गए, तो नर्सिंग ऑफिसर्स हड़ताल पर चले जाएंगे।