November 12, 2026
12 nov 8
  • संजय दत्त-राव नरेंद्र सिंह करेंगे प्रदेशव्यापी दौरा, हुड्डा, सैलजा, सुरजेवाला होंगे शामिल

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा कांग्रेस आज यानी 12 से 24 नवंबर तक प्रदेशभर में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ चौपाल अभियान चलाएगी। इस अभियान के तहत पार्टी नेता विभिन्न जिलों में चौपाल लगाकर जनता से सीधा संवाद करेंगे और कथित चुनावी अनियमितताओं के मुद्दे पर लोगों को जागरूक करेंगे।

हरियाणा के एआईसीसी प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह दो सप्ताह तक प्रदेश का दौरा करेंगे। अभियान में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी सैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, दीपेंद्र सिंह हुड्डा तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौधरी बीरेंद्र सिंह, धर्मपाल मलिक, अशोक तंवर और उदयभान भी भाग लेंगे।

इसके अलावा पार्टी के सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री और जिला स्तर के पदाधिकारी भी अभियान से जुड़ेंगे।

कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव की निष्पक्षता पर उठाए सवाल

कांग्रेस ने 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि चुनाव में कथित वोट चोरी और मतदाता सूचियों में अनियमितताओं के जरिए जनादेश को प्रभावित किया गया।

पार्टी ने डुप्लीकेट मतदाताओं, संदिग्ध पतों और मतदाता सूची में गड़बड़ियों का मुद्दा भी उठाया है। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए हैं।

कांग्रेस की एसआईआर पर रोक की मांग

पार्टी की मांग है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान पर रोक लगाई जाए, कथित वोट चोरी के आरोपों की स्वतंत्र जांच हो, मतदाता सूची से हटाए गए पात्र मतदाताओं के नाम बहाल किए जाएं और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय हो।

कांग्रेस मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और उनके खिलाफ आपराधिक जांच की मांग भी उठाएगी। पार्टी के अनुसार, अभियान का उद्देश्य लोकतांत्रिक अधिकारों, निष्पक्ष चुनाव और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रदेश के गांवों, ब्लॉकों और जिलों में जनजागरण करना है।