November 10, 2026
10 nov 7
  • बिजली नियामक आयोग की संभालेंगे कमान

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा के रिटायर्ड आईएएस अधिकारी और पूर्व मुख्यमंत्री के प्रिंसिपल सेक्रेटरी अरुण गुप्ता ने मंगलवार को हरियाणा इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमिशन (HERC) के नए चेयरमैन के रूप में शपथ ली। चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में आयोजित कार्यक्रम में बिजली मंत्री अनिल विज ने उन्हें पद की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम दोपहर 2 बजे शुरू हुआ और करीब आधे घंटे तक चला। इस दौरान बिजली विभाग की कमिश्नर एवं सेक्रेटरी आशिमा बराड़, दक्षिणी और उत्तरी हरियाणा बिजली वितरण निगम के एमडी विक्रम सिंह और हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के एमडी आदित्य दहिया सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

अरुण गुप्ता की नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब निजी बिजली कंपनी के लाइसेंस रद्द करने का मामला चर्चा में है। कंपनी ने इस फैसले के खिलाफ अपीलीय प्राधिकरण APTEL में याचिका दायर की है, जबकि विभाग ने HERC में पुनर्विचार याचिका लगाई है।

शपथ ग्रहण में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में एसीएस विनीत गर्ग, एससीएस एके सिंह और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी नवदीप सिंह विर्क भी शामिल हुए। HERC के पूर्व चेयरमैन एवं रिटायर्ड आईएएस डीएस ढेसी भी मौजूद रहे। इनके अलावा बिजली विभाग और अन्य विभागों के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम में शिरकत की।

गौरतलब है कि अरुण गुप्ता को रिटायरमेंट से पहले सेवा विस्तार नहीं मिला था। इसे लेकर पहले भी चर्चा रही थी।

निजी बिजली कंपनी के मामले में भूमिका पर रहेंगी नजरें

हरियाणा में निजी कंपनी को बिजली क्षेत्र में लाइसेंस दिए जाने के बाद कर्मचारियों के संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने इसका विरोध किया था। इसके बाद सरकार की सिफारिश पर HERC ने कंपनी का लाइसेंस रद्द कर दिया था।

अब निजी कंपनी ने इस फैसले के खिलाफ अपीलीय प्राधिकरण APTEL में याचिका दायर की है। वहीं, विभाग ने HERC के सामने फैसले पर पुनर्विचार याचिका लगाई है। ऐसे में नए चेयरमैन अरुण गुप्ता की भूमिका पर सबकी नजरें रहेंगी।