- डेढ़ किलो चांदी- 3 ताेला गोल्ड, ₹1 लाख चुराए
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : यमुनानगर जिले में जगाधरी के बुड़िया गेट क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। घर का ताला लगाकर बच्चों को स्कूल से लेने गई महिला जब वापस लौटी तो कमरों के ताले खुले मिले।
चोर घर में रखी अलमारी से डेढ़ किलो चांदी, तीन तोले सोने के आभूषण, एक लाख रुपए नकद और अन्य सामान चोरी कर ले गए।
वारदात का पता चलने पर परिवार के होश उड़ गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके की जांच की और अज्ञात चोर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
40 मिनट के भीतर चोर ने किए हाथ साफ
बुड़िया गेट निवासी नितिन अग्रवाल ने जगाधरी सिटी थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पंसारी बाजार में कपड़ों की दुकान है। शनिवार सुबह करीब 10 बजे वह दुकान पर चला गया था।
दोपहर करीब 1:40 बजे उसकी पत्नी घर पर ताला लगाकर बच्चों को स्कूल से लेने चली गई। करीब 2:20 बजे जब वह बच्चों के साथ वापस लौटी तो घर के कमरों के ताले खुले पड़े थे।
पत्नी ने तुरंत उसे को फोन कर घर बुलाया। नितिन के अनुसार, घर पहुंचने पर उसने कमरों की जांच की तो अलमारी में रखा सामान गायब मिला।
जांच करने पर पता चला कि चोर 1 किलो 500 ग्राम चांदी, तीन तोले सोने के आभूषण, एक लाख रुपए नकद और अन्य छोटा-मोटा सामान चोरी कर ले गए। परिवार ने आसपास के क्षेत्र में चोरों की तलाश भी की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी
जगाधरी सिटी थाना प्रभारी महेश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज जांची जा रही है। जल्द ही चोर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।