November 9, 2026
9 nov 4
  • सरकारी कार्यालयों के साथ बैंक, बीमा कंपनियां और संगठित प्रतिष्ठान भी बंद रहेंगे

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा में विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर सोमवार, 9 नवंबर को राजपत्रित अवकाश के साथ पहली बार सार्वजनिक अवकाश भी घोषित किया गया है। इससे प्रदेश में सरकारी कार्यालयों के साथ बैंक, बीमा कंपनियों और संगठित व्यापारिक प्रतिष्ठानों में भी छुट्टी रहेगी।

प्रशासनिक मामलों के जानकार और लीगल एक्सपर्ट हेमंत कुमार ने बताया कि वर्ष 2025 तक विश्वकर्मा दिवस पर हरियाणा में सार्वजनिक अवकाश घोषित नहीं होता था। इस बार पहली बार ऐसा किया गया है।

उन्होंने बताया कि सार्वजनिक अवकाश घोषित होने के कारण प्रदेश में सरकारी और निजी बैंक बंद रहेंगे। इसके अलावा बीमा कंपनियों के कार्यालय और प्राइवेट लिमिटेड कंपनियों जैसे संगठित व्यापारिक प्रतिष्ठानों में भी अवकाश रहेगा।

पहली बार विश्वकर्मा दिवस पर सार्वजनिक अवकाश

हेमंत कुमार के अनुसार, राजपत्रित अवकाश और सार्वजनिक अवकाश में अंतर होता है। हरियाणा सरकार जब किसी दिन राजपत्रित अवकाश घोषित करती है तो प्रदेश सरकार के सभी कार्यालय, सरकारी बोर्ड, निगम, राजकीय प्रतिष्ठान और स्थानीय निकाय बंद रहते हैं।

इसके अलावा सरकारी और निजी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय तथा अन्य शिक्षण संस्थानों में भी छुट्टी रहती है।

नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट के तहत घोषित

हेमंत कुमार ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से घोषित हर राजपत्रित अवकाश सार्वजनिक अवकाश नहीं होता। सार्वजनिक अवकाश को बैंक हॉलिडे भी कहा जाता है। इसे नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 की धारा 25 के तहत घोषित और अधिसूचित किया जाता है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि सितंबर 2015 में केंद्र सरकार ने सभी बैंकों में हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने के लिए इसी कानून की धारा 25 के तहत नोटिफिकेशन जारी किया था।