- सोनीपत की स्वीटी ने 10 साल की उम्र में घर छोड़ा, अनाथ-वृद्धाश्रम भी चला रहीं
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : सोनीपत में कभी त्योहारों और शादी-ब्याह के मौकों पर घर-घर जाकर बधाई मांगने वाली स्वीटी प्रधान आज अपनी मेहनत के दम पर आत्मनिर्भर हैं। किन्नर होने के कारण बचपन में परिवार से दूरी और समाज के तानों का सामना करना पड़ा।
महज 10 साल की उम्र में घर छोड़ना पड़ा। इसके बाद किन्नर समाज के साथ रहते हुए उन्होंने पशुपालन को अपनी आजीविका बनाने का फैसला किया। गुरु के निधन के बाद चंद भैंसों से डेयरी का काम शुरू किया और धीरे-धीरे इसे कारोबार में बदल दिया। आज उनका करीब 2 हजार गज में डेयरी फार्म है, जहां पशुओं के बच्चों समेत करीब 90 दुधारू पशु हैं।
यहां रोजाना लगभग 250 लीटर दूध का उत्पादन होता है। इस कारोबार से वह खुद आत्मनिर्भर बनी हैं और 10 से ज्यादा लोगों को रोजगार भी दे रही हैं। इसके साथ ही एक वृद्धाश्रम और अनाथ आश्रम चलाकर पांच बुजुर्गों और पांच अनाथ बच्चों की जिम्मेदारी भी उठा रही हैं।
10 साल की उम्र में छोड़ना पड़ा घर
स्वीटी प्रधान मूल रूप से गोहाना के बिचपड़ी गांव की रहने वाली हैं। उनका जन्म एक सामान्य परिवार में हुआ, लेकिन किन्नर होने के कारण परिवार को सामाजिक ताने सुनने पड़े। बचपन में ही उन्हें ऐसे हालात का सामना करना पड़ा कि महज 10 साल की उम्र में घर छोड़ना पड़ा। इसके बाद वह गोहाना में किन्नर समाज के साथ रहने लगीं। यहां उन्होंने गुरु बागडो सत्तो माई को अपना गुरु धारण किया। गुरु की सेवा करते हुए जीवन के कई उतार-चढ़ाव देखे। इसी दौरान पशुओं के प्रति उनका लगाव बढ़ता गया। छोटी उम्र से ही वह गाय-भैंसों की देखभाल करने लगी थीं। यही शौक आगे चलकर उनकी आजीविका का जरिया बना।
गुरु के निधन के बाद चंद भैंसों से शुरू किया कारोबार
स्वीटी के गुरु पशुपालन का काम करते थे। उनके साथ रहते हुए स्वीटी ने पशुओं की देखभाल और डेयरी का काम सीखा। करीब सात साल पहले गुरु का निधन हो गया तो पशुओं की जिम्मेदारी भी उनके कंधों पर आ गई। उन्होंने गुरु के काम को आगे बढ़ाने का फैसला किया और चंद भैंसों के साथ डेयरी शुरू कर दी। शुरुआत आसान नहीं थी, लेकिन पशुपालन के प्रति लगाव और मेहनत से धीरे-धीरे कारोबार बढ़ने लगा। आज वह खुद डेयरी का पूरा काम संभालती हैं।
200 गज से शुरुआत, अब 2 हजार गज में फार्म
स्वीटी ने बताया कि उन्होंने करीब 200 गज जगह से डेयरी फार्म की शुरुआत की थी। शुरुआती दिनों में पशुओं की संख्या कम थी। दूध की बिक्री से होने वाली कमाई को वह लगातार कारोबार में लगाती रहीं। इससे पशुओं की संख्या बढ़ती गई और फार्म का विस्तार होता गया। आज उनका डेयरी फार्म करीब 2 हजार गज में फैला है। यहां 60 से ज्यादा भैंसों के साथ गाय भी हैं। पशुओं के बच्चों समेत कुल संख्या करीब 90 है। इनमें मुर्रा नस्ल की भैंसें भी शामिल हैं। वह पशुओं की नस्ल और गुणवत्ता को लेकर भी विशेष ध्यान रखती हैं।
सुबह 3 बजे शुरू होता है काम, रात 11 बजे आराम
डेयरी का काम संभालने के लिए स्वीटी का दिन सुबह 3 बजे शुरू हो जाता है। पशुओं के चारे-पानी, साफ-सफाई और दूध निकालने से लेकर ग्राहकों तक दूध पहुंचाने तक कई जिम्मेदारियां रहती हैं। सुबह और शाम दोनों समय दूध निकाला जाता है। करीब 7 से 8 लोग दूध निकालने और दूसरे कामों में जुटते हैं। दूध निकालने में ही कई घंटे लग जाते हैं। दिनभर डेयरी की जिम्मेदारियां निभाने के बाद रात करीब 11 बजे उन्हें आराम करने का समय मिलता है।
रोजाना 250 लीटर दूध का उत्पादन, 90 रुपए लीटर भाव
स्वीटी के अनुसार, उनके डेयरी फार्म में रोजाना करीब 250 लीटर दूध का उत्पादन होता है। फिलहाल दूध करीब 90 रुपए लीटर के हिसाब से बिक रहा है। उन्हें दूध बेचने के लिए कहीं बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ती। ग्राहक खुद फार्म पर पहुंचकर दूध खरीदते हैं। वह दूध की शुद्धता और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखती हैं। इसी भरोसे के चलते उनके यहां नियमित ग्राहक आते हैं। डेयरी के माध्यम से वह खुद आत्मनिर्भर बनने के साथ 10 से अधिक लोगों की रोजी-रोटी का जरिया भी बनी हुई हैं।
पशु मेलों में जाकर अच्छी नस्ल की भैंसें तलाशती हैं
स्वीटी के लिए पशुपालन केवल कमाई का साधन नहीं, बल्कि रुचि और जुनून भी है। उन्हें अच्छी नस्ल के पशुओं की पहचान करने का शौक है। इसके लिए वह हरियाणा के अलावा उत्तर प्रदेश और राजस्थान में लगने वाले पशु मेलों में भी जाती हैं। वहां अलग-अलग नस्लों के पशुओं को देखती हैं और उनकी खूबियों के बारे में जानकारी जुटाती हैं।
तानों से परेशान होकर लिया आत्मनिर्भर बनने का फैसला
स्वीटी बताती हैं कि शुरुआत में वह भी किन्नर समाज की परंपरा के अनुसार त्योहारों और शादी-ब्याह जैसे मौकों पर घर-घर जाकर बधाई मांगने जाती थीं। इस दौरान कई बार लोगों के ऐसे शब्द सुनने पड़ते थे, जो उन्हें भीतर तक आहत करते थे। उन्हें यह काम अच्छा नहीं लगता था। इसी अनुभव ने आत्मनिर्भर बनने का संकल्प पैदा किया। उन्होंने तय किया कि अपनी मेहनत से ऐसा काम खड़ा करेंगी, जिससे लोग उन्हें उनके काम के लिए पहचानें और सम्मान दें। आज जिन घरों में कभी वह बधाई मांगने जाती थीं, वहां के लोग भी उनके डेयरी फार्म पर दूध खरीदने पहुंचते हैं।
किन्नर समाज को हरियाणा में सम्मानजनक पहचान दिलाने की मांग
स्वीटी प्रधान किन्नर समाज की रोहतक गद्दी पर विराजमान हैं और समाज की प्रधान भी हैं। वह किन्नर समुदाय के लोगों के लिए समाज में प्रचलित संबोधनों और व्यवहार पर नाराजगी जताती हैं। उनका कहना है कि हरियाणा में किन्नर समुदाय के लोगों को कई बार ऐसे नामों से पुकारा जाता है, जिन्हें सुनना भी अपमानजनक लगता है। वहीं पंजाब में उन्हें महंत जैसी सम्मानजनक उपाधि से संबोधित किया जाता है।
परिवार से दूर, लेकिन गांव बिचपड़ी से आज भी जुड़ाव
स्वीटी के जीवन में परिवार से दूरी आज भी सबसे बड़ी टीस है। वह कहती हैं कि किन्नर होने का दर्द वही समझ सकता है, जिसने इस परिस्थिति को जिया हो। उनका मानना है कि यदि उनका जन्म दूसरे बच्चों की तरह हुआ होता तो शायद आज वह भी माता-पिता के साथ गांव में रह रही होतीं। परिवार से उनका संपर्क और आना-जाना नहीं है, लेकिन पैतृक गांव बिचपड़ी से लगाव आज भी बना हुआ है। गांव के लोग उनसे मिलने आते हैं और स्नेह रखते हैं। सफलता हासिल करने के बावजूद बचपन में छूटा घर और परिवार की दूरी उनके मन में आज भी अधूरी कहानी की तरह मौजूद है।
वृद्धाश्रम और अनाथ आश्रम चलाकर उठा रहीं जिम्मेदारी
स्वीटी प्रधान डेयरी कारोबार के साथ सामाजिक जिम्मेदारियां भी निभा रही हैं। उन्होंने बताया कि वह एक वृद्धाश्रम और अनाथ आश्रम भी चलाती हैं। इनमें पांच बुजुर्ग और पांच अनाथ बच्चे रहते हैं। उनकी देखभाल और खर्च की जिम्मेदारी स्वीटी खुद उठाती हैं। इसके अलावा उनके छह शिष्य भी उनके साथ रहते हैं। डेयरी से होने वाली कमाई के बीच वह इन सभी की जरूरतों का ध्यान रखती हैं। उनके लिए यह केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि उन लोगों को सहारा देना है, जिन्हें जीवन में अपनों के साथ की जरूरत है।