- अमिताभ-सचिन समेत कई सितारों की 300 फीट ऊंची पेंटिंग बनाई, पहले चराते थे भैंस
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : सोनीपत की गलियों में कभी सफेदी का काम करने और स्कूल की दीवार पर सरस्वती की पहली पेंटिंग बनाने से शुरू हुआ एक युवक का सफर आज मुंबई की गगनचुंबी इमारतों तक पहुंच चुका है। कभी पांच भैंस चराने वाले इस युवक ने अपने हुनर और जुनून के दम पर ऐसी पहचान बनाई कि मुंबई की दीवारें बॉलीवुड के इतिहास की गवाह बन गईं।
अमिताभ बच्चन, मधुबाला, श्रीदेवी, ऋषि कपूर, इरफान खान और लता मंगेशकर जैसी फिल्मी हस्तियों के चेहरे अब मुंबई की इमारतों पर नजर आते हैं।
यह कहानी है सोनीपत के रणजीत दहिया की, जिन्होंने 2012 में बॉलीवुड आर्ट प्रोजेक्ट शुरू कर हिंदी सिनेमा की यादों को स्ट्रीट आर्ट के जरिए नई पहचान दी।
सचिन तेंदुलकर की बनाई थी 300 फीट ऊंची पेंटिग
अब तक 40 से अधिक बड़े म्यूरल बना चुके रणजीत की बनाई 300 फीट ऊंची सचिन तेंदुलकर की पेंटिंग भी मुंबई की पहचान बन चुकी है।
खास बात यह है कि उनकी कला सिर्फ दीवारों को खूबसूरत नहीं बनाती, बल्कि शहर की संस्कृति, सिनेमा के इतिहास और उन कलाकारों की यादों को भी जिंदा रखती है, जिन्होंने पीढ़ियों को प्रभावित किया है।
रणजीत ने वर्ष 2013 से 2022 तक मुंबई के NMIMS स्थित बलवंत शेठ स्कूल ऑफ आर्किटेक्चर में अध्यापन किया। यहां उन्होंने टाइपोग्राफी, आर्ट, डिजाइन, पेंटिंग और ड्राइंग जैसे विषय पढ़ाए।
भैंस चराने से लेकर मुंबई तक का सफर…
सफेदी करते हुए हाथों में आया ब्रश
रणजीत दहिया का कलाकार बनने का सफर किसी बड़े संस्थान या सुविधाओं के बीच शुरू नहीं हुआ। 11वीं कक्षा में पढ़ाई छोड़ने के बाद वह पांच भैंस चराने जाते थे। इसके बाद उन्होंने सफेदी करने का काम शुरू किया। सोनीपत के एक निजी स्कूल में भी उन्हें सफेदी का काम मिला हुआ था।
इसी दौरान स्कूल के प्रिंसिपल ने उनसे पूछा कि क्या कोई ऐसा व्यक्ति है, जो सरस्वती मां की तस्वीर बना सके। रणजीत ने यह जिम्मेदारी खुद उठाई और पहली बार करीब 6 बाय 10 फीट की पेंटिंग बनाई।
यही वह मौका था, जब सफेदी करने वाले हाथों में रंगों ने अलग पहचान बनानी शुरू की। इसके बाद उन्होंने पानीपत में पेंटर का काम सीखा और धीरे-धीरे पेंटिंग को ही अपनी दुनिया बना लिया।
अंग्रेजी नहीं आती थी
रणजीत ने अपनी शुरुआती पढ़ाई के बाद कला की शिक्षा हासिल करने के लिए लगातार मेहनत की। उन्होंने 1998 से 2002 तक गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ आर्ट, चंडीगढ़ से बैचलर ऑफ फाइन आर्ट्स (BFA) किया। इसके बाद अहमदाबाद स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन (NID) में दाखिला लेने का प्रयास किया।
पहली बार परीक्षा के दौरान अंग्रेजी में कुछ पंक्तियां लिखने के लिए कहा गया, लेकिन अंग्रेजी नहीं आने के कारण वह सफल नहीं हो सके। उन्होंने हार मानने के बजाय अगले एक साल तक अखबार पढ़कर अंग्रेजी सीखी। इसके बाद दोबारा परीक्षा दी और NID में दाखिला हासिल किया। वर्ष 2003 से 2007 तक उन्होंने यहां कम्युनिकेशन डिजाइन में पोस्ट ग्रेजुएशन किया।
दीवारों पर सिनेमा उतारने का फैसला
रणजीत वर्ष 2008 में मुंबई पहुंचे थे। उनके मन में मुंबई की एक ऐसी तस्वीर थी, जहां हर तरफ फिल्मों के बड़े-बड़े पोस्टर और दीवारों पर फिल्मी कलाकारों की पेंटिंग दिखाई देंगी। लेकिन वहां पहुंचने पर उन्हें ऐसा माहौल नजर नहीं आया।
इसी कमी ने उनके मन में एक नया विचार पैदा किया। उन्होंने तय किया कि मुंबई को उसकी फिल्मी विरासत के रंगों में रंगेंगे, ताकि शहर में आने वाले लोगों को सिर्फ इमारतें नहीं, बल्कि मुंबई की असली फिल्मी पहचान भी दिखाई दे।
शुरुआत में उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई से छोटी इमारतों पर पेंटिंग बनाईं। धीरे-धीरे लोगों ने उनके काम को पसंद करना शुरू किया और पहचान बढ़ने के साथ स्पॉन्सर तथा बड़े प्रोजेक्ट मिलने लगे।
दीवारों पर जिंदा किया सिनेमा का इतिहास
रणजीत ने वर्ष 2012 में बॉलीवुड आर्ट प्रोजेक्ट (BAP) की शुरुआत की। इसका मकसद हिंदी सिनेमा के इतिहास और संस्कृति को स्ट्रीट आर्ट के माध्यम से संरक्षित करना है। इसके तहत मुंबई के बांद्रा सहित कई इलाकों में बड़ी-बड़ी इमारतों पर फिल्मी हस्तियों के म्यूरल बनाए गए।
इन पेंटिंग में अमिताभ बच्चन, मधुबाला, राजेश खन्ना, हेलेन, वहीदा रहमान, आशा पारेख, अमरीश पुरी, दिलीप कुमार, सायरा बानो, ऋषि कपूर, श्रीदेवी, इरफान खान और लता मंगेशकर जैसी हस्तियों को जगह मिली।
मुंबई की दीवारों पर बनी ये तस्वीरें अब केवल आर्टवर्क नहीं, बल्कि हिंदी सिनेमा की अलग-अलग पीढ़ियों की यादों को संजोने का माध्यम बन गई हैं। रणजीत अब तक 40 से अधिक म्यूरल बना चुके हैं। नवंबर 2025 में मुंबई एयरपोर्ट पर भी उन्होंने पेंटिंग बनाई, जिसमें मुंबई की संस्कृति को दर्शाया गया।
बांद्रा में 300 फीट ऊंची सचिन की पेंटिंग
रणजीत के बड़े प्रोजेक्ट में बांद्रा में बनाई गई क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर की 300 फीट ऊंची पेंटिंग खास है। इसे उन्होंने भारत की सबसे ऊंची पेंटिंग के रूप में तैयार किया। यह वेस्टर्न हाईवे के सी-पॉइंट से दिखाई देती है और मुंबई के सी-लिंक से भी नजर आती है।
रणजीत ने बताया कि इस स्थान पर पहले अमिताभ बच्चन की पेंटिंग बनाई गई थी। बाद में जी क्लासिक चैनल की ओर से सचिन तेंदुलकर की पेंटिंग बनाने का ऑफर मिला।
इसके अलावा मुंबई की MTNL बिल्डिंग पर उन्होंने दादा साहब फाल्के की पेंटिंग भी बनाई थी। इन प्रोजेक्ट के जरिए उन्होंने ऐसी जगहों पर कला को पहुंचाया, जहां रोजाना हजारों लोगों की नजर पड़ती है।
100 फीट से ऊंचाई पर करते हैं काम
गगनचुंबी इमारतों पर पेंटिंग बनाना सामान्य दीवार पर रंग भरने जितना आसान नहीं है। रणजीत ने बताया कि हाईराइज बिल्डिंग पर काम शुरू करने से पहले उसका पूरा ब्लूप्रिंट तैयार किया जाता है।
इसमें इमारत की ऊंचाई, लंबाई, चौड़ाई, पिलर और खिड़कियों की स्थिति सहित सभी पैरामीटर देखे जाते हैं। इसके बाद पेंटिंग का आकार तय किया जाता है, ताकि दूर से देखने पर चेहरे और तस्वीर के सभी हिस्से सही दिखाई दें।
100 फीट से अधिक ऊंचाई पर काम करने के लिए क्रेडल लिफ्ट का इस्तेमाल किया जाता है।
3 अलग-अलग कोट में काम पूरा
सबसे पहले दीवार पर ड्राइंग बनाई जाती है। इसके बाद रंग भरे जाते हैं और तीन अलग-अलग कोट में काम पूरा किया जाता है। बीच-बीच में दूर जाकर पेंटिंग का व्यू भी चेक किया जाता है, ताकि तस्वीर की बनावट और चेहरे का आकार सही नजर आए।
उन्होंने बताया कि इन पेंटिंग में घरों में इस्तेमाल होने वाले सामान्य रंगों का ही प्रयोग किया जाता है। एक पेंटिंग की उम्र बिल्डिंग पर करीब 7 से 8 साल तक रहती है।
उनके मुताबिक, कला बनाना अलग बात है, लेकिन इतनी ऊंचाई पर लटककर काम करना हर किसी के बस की बात नहीं है। यहां हुनर के साथ हिम्मत और सावधानी भी जरूरी है।
महाराष्ट्र के 25 ब्रिज तक पहुंचेगा रंगों का सफर
रणजीत का काम अब मुंबई की इमारतों तक सीमित नहीं है। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र में रेलवे से जुड़े महा रेल प्रोजेक्ट के तहत ब्रिज पर पेंटिंग बनाने का काम शुरू किया गया है। इस योजना में कुल 25 ब्रिज पर पेंटिंग बनाई जानी हैं। वह अब तक महा रेल के साथ दो प्रोजेक्ट पूरे कर चुके हैं।
इसके अलावा नवंबर 2025 में मुंबई एयरपोर्ट पर बनाई गई पेंटिंग में शहर की संस्कृति को जगह दी गई। उनके लिए हर प्रोजेक्ट सिर्फ एक दीवार पर तस्वीर बनाने का काम नहीं, बल्कि उस स्थान की पहचान और संस्कृति को रंगों के जरिए सामने लाने का अवसर है।
26 पोस्टर की प्रदर्शनी से पेरिस तक पहुंची कला
रणजीत की पेंटिंग को देश के साथ विदेशों में भी सराहना मिली है। अगस्त 2013 में दिल्ली के इंडियन इंटरनेशनल सेंटर में उनकी सोलो एग्जीबिशन ‘फिल्मनगरी का सफर’ आयोजित हुई।
इसमें हाथ से बनाए गए 26 पोस्टर प्रदर्शित किए गए। इससे पहले बॉलीवुड के इतिहास पर आधारित उनकी 31 पेंटिंग दक्षिण अफ्रीका के डरबन और फ्रांस के ला रोशेल में प्रदर्शित हो चुकी थीं।
वर्ष 2009 में पेरिस में आयोजित ‘सैलून डू सिनेमा’ कार्यक्रम में भी उन्होंने लाइव पेंटिंग के जरिए बॉलीवुड का प्रतिनिधित्व किया। सोनीपत से शुरू हुआ उनका यह कलात्मक सफर अब अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंच चुका है।
MTV तक डिजाइनिंग के बड़े प्रोजेक्ट किए
रणजीत को वेब, प्रिंट और न्यू मीडिया के क्षेत्र में 17 साल से अधिक का अनुभव है। उन्होंने रिलायंस के इंटरनेट टीवी, सोनी मैक्स के आईपीएल प्रमोशन और MTV की शॉर्ट फिल्मों के टाइटल ग्राफिक्स जैसे प्रोजेक्ट पर काम किया है।
इसके अलावा ग्राफिक डिजाइन, ब्रांड आइडेंटिटी, कम्युनिकेशन स्ट्रेटजी, मोबाइल एप्लीकेशन और वेबसाइट के यूजर इंटरफेस डिजाइन करने में भी योगदान दिया है।
उनकी कला का दायरा सिर्फ पेंटिंग तक सीमित नहीं रहा, बल्कि डिजाइनिंग के अलग-अलग क्षेत्रों में भी उन्होंने अपनी पहचान बनाई।
बिल्लियों और स्ट्रीट डॉग की करते हैं देखभाल
रणजीत की जिंदगी का एक और पहलू उनके पशु-पक्षियों के प्रति प्रेम से जुड़ा है। उन्होंने बताया कि मुंबई में वह अकेले रहते हैं और 30 से अधिक बिल्लियों तथा करीब 12 स्ट्रीट डॉग की देखभाल करते हैं।
इनके खाने से लेकर रहने तक की व्यवस्था भी उन्होंने की हुई है। एक तरफ वह ऊंची इमारतों पर चढ़कर सिनेमा के दिग्गजों की तस्वीरें बनाते हैं तो दूसरी तरफ बेजुबान जानवरों के लिए भी समय और संसाधन निकालते हैं।