- लाइसेंस और अग्नि सुरक्षा मानकों की होगी जांच, गजेटेड अधिकारी करेंगे जांच
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : 8 नवंबर को दिवाली पर्व के मद्देनजर प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा पटाखों के कारण होने वाली आगजनी और अन्य अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए हरियाणा पुलिस ने व्यापक सुरक्षा तैयारियां शुरू कर दी है। पिछले वर्षों में पटाखों के गोदामों, भंडारण स्थलों और खुदरा बिक्री केंद्रों पर आग लगने की घटनाओं को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पहले से ही एहतियाती कदम उठाने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही, बिना वैध लाइसेंस पटाखों का निर्माण, भंडारण अथवा बिक्री करने वाले असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखी जाएगी।
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना हरियाणा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पटाखों के अवैध निर्माण, भंडारण एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नियमित निरीक्षण और विशेष निगरानी सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन अन्य संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर यह सुनिश्चित करे कि दिवाली का पर्व प्रदेशभर में सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए।
थाना प्रभारी और गजेटेड अधिकारी करेंगे निरक्षण
पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर पटाखों के गोदामों, भंडारण स्थलों, बिक्री केंद्रों तथा पटाखों के परिवहन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों और मार्गों की पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित थाना प्रभारियों एवं राजपत्रित अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से दुकानों और गोदामों का निरीक्षण कर लाइसेंस की वैधता तथा सुरक्षा प्रबंधों की जांच करने को कहा गया है। पटाखों के भंडारण और बिक्री स्थलों पर अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाने चाहिए। घनी आबादी वाले क्षेत्रों से दूर, पर्याप्त खुले स्थान वाले निर्धारित स्थलों पर ही भंडारण और बिक्री की अनुमति सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकलने में परेशानी न हो।