November 3, 2026
3 nov 12
  • मानसिक सेहत पर सरकार का फोकस

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  पंचकूला में 6 साल की बच्ची के साथ स्कूल के एक नाबालिग छात्र की मारपीट की घटना के बाद स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग ने स्कूलों में मानसिक स्वास्थ्य सहायता प्रणाली विकसित करने की पहल की है।

हरियाणा सरकार प्रस्तावित ‘साथ’ प्रोजेक्ट के तहत कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल आधारित मानसिक स्वास्थ्य सहायता व्यवस्था शुरू करने की योजना बना रही है। इसका उद्देश्य बच्चों में मानसिक और मनोवैज्ञानिक समस्याओं की समय रहते पहचान कर उन्हें मदद उपलब्ध कराना है।

इसमें परीक्षा का तनाव, चिंता, अवसाद, बुलिंग, सामाजिक अलगाव और अत्यधिक स्क्रीन इस्तेमाल जैसी समस्याओं पर ध्यान दिया जाएगा। योजना में शिक्षकों, अभिभावकों और मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों को भी जोड़ा जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग के 122 काउंसलर चिन्हित

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि प्रस्तावित व्यवस्था में स्वास्थ्य और स्कूल शिक्षा विभाग के साथ शिक्षक, अभिभावक, छात्र स्वयंसेवक, परामर्शदाता, क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट और साइकियाट्रिस्ट शामिल होंगे।

पेशेवर सहायता के लिए स्वास्थ्य विभाग के 122 परामर्शदाताओं को चिह्नित किया गया है। मनोविज्ञान की योग्यता वाले शिक्षकों और विशेष मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की भी मदद ली जाएगी।

विद्यार्थियों की उम्र के हिसाब से बनेगी व्यवस्था

बच्चों की विकासात्मक और मनोवैज्ञानिक जरूरतों को देखते हुए अलग-अलग आयु वर्ग के लिए सहायता के तरीके तय किए जाएंगे। प्रस्तावित रूपरेखा में कक्षा 5 से 8 और कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों के लिए अलग दृष्टिकोण अपनाने की बात कही गई है। विशेषज्ञों के अनुसार, योजना लागू होने से विद्यार्थियों को समय पर मानसिक स्वास्थ्य सहायता मिल सकेगी।