October 30, 2026
30 OCT 1
  •  तापमान 7 डिग्री लुढ़का, फरीदाबाद-नारनौल में बूंदाबांदी

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा में चक्रवात ‘अर्नब’ और पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के चलते मौसम विभाग ने आज फिर 15 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार सुबह फरीदाबाद, नारनौल और पानीपत में बूंदाबांदी हुई। सोनीपत और हिसार में घने बादल छाए रहे।

एक दिन पहले गुरुवार को पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद, नारनौल, यमुनानगर, पंचकूला, अंबाला, जींद, कुरुक्षेत्र और करनाल सहित कई हिस्सों में बूंदाबांदी हुई।

आज शुक्रवार को मौसम विभाग ने 9 जिलों यमुनानगर, करनाल, सोनीपत, पानीपत, गुरुग्राम, झज्जर, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में ऑरेंज और इनके साथ 9 जिलों रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, रोहतक, कैथल, जींद, कुरुक्षेत्र, अंबाला और पंचकूला में येलो अलर्ट जारी किया है।

वहीं, मौसम में बदलाव के कारण हरियाणा में औसतन अधिकतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले 7°C की भारी गिरावट दर्ज की गई है, जो कि सामान्य से 5.8°C कम है।

 

50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलेगी

मौसम विभाग केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, ऑरेंज अलर्ट वाले क्षेत्रों में 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक, आंधी और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। वहीं येलो अलर्ट वाले इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की मध्यम बारिश हो सकती है।

2 पॉइंट में जानिए, क्या बोले एक्सपर्ट…

  • बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली हवाएं: HAU हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, हरियाणा में 28 अक्टूबर तक मौसम खुश्क रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 29 अक्टूबर से हवाओं की दिशा बदलकर उत्तर-पश्चिमी से उत्तर-पूर्वी हो जाएगी। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी की तरफ से नमी वाली हवाएं प्रदेश में पहुंचेंगी।
  • 31 अक्टूबर तक मौसम रहेगा परिवर्तनशील: नमी वाली हवाओं के प्रभाव से 29 अक्टूबर की रात से 31 अक्टूबर तक मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ छिटपुट बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश की भी संभावना है। सुबह और शाम हल्की ठंड रहेगी, जबकि रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।