October 18, 2026
18 oct 2
  • ₹20 लाख के नुकसान की आशंका

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  पंचकूला में 40 वर्षों से रामलीला का मंचन करता आ रहा श्री रामलीला युवा मंच, सेक्टर-4 पहली बार भव्य दशहरा महोत्सव का आयोजन करने जा रहा था। हालांकि, आयोजन से ठीक पहले मंच के साथ बड़ी ठगी का मामला सामने आया है।

रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के 100-100 फीट ऊंचे पुतले बनाने के नाम पर ढाई लाख रुपए में तय हुए एग्रीमेंट में से डेढ़ लाख रुपए एडवांस लेकर आगरा का कारीगर काम अधूरा छोड़कर फरार हो गया। संस्था ने सेक्टर-5 पुलिस थाने में आरोपी कारीगरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानिए, कैसे हुई पुतलों के नाम पर ठगी…

  • आगरा के ठेकेदारों से हुआ था एग्रीमेंट: रामलीला युवा मंच के विनीत ठकराल के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 को पंचकूला के परेड ग्राउंड में होने वाले दशहरा महोत्सव के लिए 100 फीट ऊंचे रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले तैयार करवाने का एग्रीमेंट उत्तर प्रदेश के खंदारी (आगरा) निवासी एजान खान और बादशाह के साथ किया गया था।
  • एडवांस लेकर निकला: कारीगरों को डेढ़ लाख रुपए की राशि एडवांस के रूप में दे दी गई थी। शुरूआत में एग्रीमेंट के समय 50 हजार रुपए का चेक, बाद में ठेकेदार पंचकूला आया तो 50 हजार रुपए कैश लिए। उसके बाद एक बार फिर से 50 हजार रुपए ठेकेदार ने सामान के नाम पर लिए थे।
  • 3 दिन में आने की बात कहकर गायब: कारीगर यह कहकर आगरा गया था कि वह बाकी का काम वहीं से तैयार कर 3 दिन में लौट आएगा। 16 अक्टूबर तक वापस आ जाएगा, लेकिन वह वापस नहीं लौटा।
  • फोन बंद मिलने पर पता चला: तय समय पर जब वह वापस नहीं लौटा और उससे संपर्क करने की कोशिश की गई, तो आरोपी का फोन स्विच ऑफ आने लगा। इसके बाद आयोजकों को ठगी का अहसास हुआ।
  • 20 लाख रुपए का बजट दांव पर: युवा मंच के अनुसार आयोजन और पुतलों की तैयारी पर संस्था का लगभग 20 लाख रुपए का खर्च और वित्तीय व्यवस्था दांव पर लगी हुई है। पुतले समय पर न मिलने से इस बड़े सार्वजनिक व धार्मिक आयोजन के बाधित होने का खतरा मंडराने लगा था।

पिछले साल सत्संग के कारण अटका था कार्यक्रम

संस्था पिछले 4 वर्षों से यवनिका गार्डन में रामलीला का मंचन कर रही है। आयोजकों ने बताया कि वे पिछले साल भी दशहरा दहन की तैयारी कर रहे थे, लेकिन अंतिम समय पर परेड ग्राउंड को किसी अन्य कार्यक्रम (सत्संग) के लिए बुक कर दिया गया था। इस बार पहले ही परेड ग्राउंड को दशहरे के लिए विधिवत बुक करा लिया था।

अब पुतले खड़ा करना चुनौती

आगरा के कारीगरों द्वारा धोखा दिए जाने के बाद भी रामलीला युवा मंच ने हार नहीं मानी है। संस्था ने अब चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली (ट्राइसिटी) के स्थानीय कारीगरों के साथ मिलकर पुतले तैयार करने का काम शुरू कर दिया है। विनीत ठकराल का कहना है कि संस्था का पूरा प्रयास है कि हर हाल में 19 अक्टूबर की समय-सीमा तक तीनों पुतले बनाकर मैदान में खड़े करवा दिए जाएंगे ताकि श्रद्धालुओं का उत्साह फीका न पड़े।

SHO बोले- जांच चल रही है

पंचकूला सेक्टर-5 के SHO संदीप कुमार ने बताया कि रामलीला युवा मंच की मेल पर शिकायत आई है। जिसकी फिलहाल जांच चल रही है। शिकायत में मंच पैसे लेकर काम छोड़कर जाने का आरोप लगाया है।