- चौक-चौराहों पर उकेरी जाएगी महाभारत की थीम
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव (IGM) में अंतरिक्ष की दुनिया जानने और भारत के स्पेस मिशन की उपलब्धियों को समझने का मौका मिलेगा। महोत्सव में पहली बार भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) अपनी प्रदर्शनी लगाएगा। यहां लोगों को अंतरिक्ष विज्ञान, ग्रहों और भारत के स्पेस मिशन से जुड़ी मिलेगी।
इसके साथ नेवी और एयरफोर्स भी अपनी प्रदर्शनी लगाएंगे। एयरफोर्स पाकिस्तान पर की एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के बारे में बताएगी। साथ ही नेवी भी ताकत का प्रदर्शन करेगी। यानी महोत्सव में इस बार साइंस, तकनीक और देश की सैन्य ताकत का भी जलवा दिखेगा।
21 दिन का होगा 11वां IGM
5 से 25 दिसंबर तक होने वाले 11वां महोत्सव को इस बार धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ युवाओं, पर्यटन और विज्ञान से जोड़ने की तैयारी है। देशभर के स्कूलों और यूनिवर्सिटी के 10 लाख स्टूडेंट्स को महोत्सव से जोड़ेंगे।
अंतरिक्ष, ग्रहों और स्पेस मिशन को जानने का मौका
महोत्सव में इसरो की प्रदर्शनी पहली बार लगाई जाएगी। इसके जरिए लोगों को अंतरिक्ष विज्ञान और भारत के अंतरिक्ष मिशनों की उपलब्धियों के बारे में जानने का मौका मिलेगा। ग्रहों और अंतरिक्ष से जुड़ी जानकारी युवाओं के लिए खास आकर्षण बनेगी। हालांकि, प्रदर्शनी में इन मिशनों के मॉडल और दूसरी चीजें दिखाई जाएंगी।
नेवी और एयरफोर्स भी पहली बार महोत्सव में प्रदर्शनी लगाएंगे। इससे देश की रक्षा क्षमता और सैन्य उपलब्धियों को समझने का मौका मिलेगा। आयोजकों का जोर खास तौर पर युवाओं को महोत्सव से जोड़ने पर है, ताकि वे गीता के संदेश के साथ विज्ञान, तकनीक और देश की उपलब्धियों के बारे में भी जान सकें।
14 से 20 दिसंबर तक होंगे मुख्य कार्यक्रम
IGM 5 से 25 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान आर्ट एंड क्राफ्ट मेला लगाया जाएगा। 14 से 20 दिसंबर तक मुख्य कार्यक्रम होंगे। इनमें गीता यज्ञ, गीता पाठ, प्रदर्शनी और संत सम्मेलन सहित कई आयोजन शामिल रहेंगे। महोत्सव में 50 से ज्यादा विदेशी कारीगर शामिल होंगे और विदेशों से विद्वानों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
दिल्ली और पश्चिम बंगाल स्टेट पार्टनर
इस बार राजधानी दिल्ली और पश्चिम बंगाला को महोत्सव में पार्टनर बनाया गया है। हालांकि कंट्री पार्टनर तय नहीं हुआ। महोत्सव में पिछले साल प्रधानमंत्री मोदी ने शिरकत की थी। पहली बार किसी प्रधानमंत्री ने महोत्सव में हिस्सा लिया था। प्रधानमंत्री मोदी ने यहां ब्रह्मसरोवर पर आरती करने के साथ महाभारत अनुभव केंद्र का लोकार्पण किया था।
चौक-चौहारे पर बनेगी पेंटिंग
महोत्सव शुरू होने से पहले शहर के चौक-चौराहों पर महाभारत की थीम पर चित्र और पेंटिंग लगाई जाएंगी। पिछले महीने कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड (KDB) ने 285 संस्थाओं से सुझाव लिए थे। सुझावों में इस बात पर जोर दिया गया कि महोत्सव भले ही 21 दिन चले, लेकिन इसका फायदा कुरुक्षेत्र को पूरे साल मिलना चाहिए।