- CRPF अधिकारी के सोफा-बेड समेत अन्य सामान बेचने की बात कही, ₹1.15 लाख मांगे
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर साइबर ठगी की कोशिश की गई। ठगों ने उनके जानकारों को मैसेज भेजकर पहले CRPF अधिकारी का घरेलू सामान सस्ते में बेचने की बात कही और फिर सामान खरीदने के नाम पर 1 लाख 15 हजार रुपए गूगल-पे करने को कहा।
मैसेज के साथ बेड, एसी, फ्रिज, एलईडी, लैपटॉप समेत अन्य सामान की फोटो भी भेजी। मामला सामने आने के बाद डिप्टी स्पीकर के मीडिया कोऑर्डिनेटर ने शहर थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिचित ने फोन कर दी फर्जी आईडी की जानकारी
डिप्टी स्पीकर के मीडिया कोऑर्डिनेटर सन्नी मग्गू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 22 सितंबर को इंद्री निवासी परिचित कपिल मग्गू ने उन्हें फोन किया। उसने बताया कि उसके पास डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा की फेसबुक आईडी से मैसेज आया है। मैसेज में CRPF के असिस्टेंट कमांडेंट संतोष लाल का घरेलू सामान बेचने की बात कही गई थी। इसके बाद सामान खरीदने के लिए 1 लाख 15 हजार रुपए गूगल-पे अकाउंट में भेजने को कहा गया। मैसेज के साथ घरेलू सामान की फोटो भी भेजी गई थी।
सोशल मीडिया पर लोगों को किया अलर्ट
सन्नी मग्गू ने बताया कि 22 सितंबर को फर्जी फेसबुक आईडी की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर मैसेज डालकर लोगों को अलर्ट किया। उन्होंने लोगों से डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा के नाम पर पैसे मांगने वाले किसी भी व्यक्ति को पैसे नहीं भेजने की अपील की। इसके बाद कई अन्य लोगों के भी फोन आए। उन्होंने भी बताया कि उनके पास इसी तरह के मैसेज भेजे गए थे। मैसेज में घरेलू सामान की फोटो भेजकर उसे खरीदने के लिए गूगल-पे के जरिए पैसे भेजने को कहा जा रहा था।
ट्रांसफर का बहाना बनाकर मांगे 1.15 लाख
मग्गू के अनुसार, मैसेज के बाद आरोपी ने फोन भी किया। उसने बताया कि सामान CRPF के असिस्टेंट कमांडेंट संतोष लाल का है। उनकी दूसरे स्टेशन पर ट्रांसफर हो गई है, इसलिए वह अपना घरेलू सामान सस्ते में बेच रहे हैं। आरोपी ने सामान खरीदने के इच्छुक लोगों से कहा कि अगर सामान चाहिए तो अभी गूगल-पे के जरिए 1 लाख 15 हजार रुपए भेज दें।
सन्नी मग्गू ने शिकायत में आरोप लगाया कि लोगों से पैसे ऐंठने के लिए डिप्टी स्पीकर के नाम और छवि का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की
जांच अधिकारी SI संजय लाल ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।