September 25, 2026
25 sep 9
  •  व्यापारी भाइयों पर धारदार हथियारों से किया था हमला

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हिसार में 3 लाख रुपए की मंथली देने से इनकार करने पर 2 व्यापारी भाइयों पर जानलेवा हमला करने के आरोपियों को पुलिस ने गंजा कर आज शुक्रवार को बाजार में घुमाया। आरोपी इस दौरान लंगड़ाकर चल रहे थे।

पुलिस आरोपियों को थाने से उस जगह पर ले गई जहां उन्होंने वारदात को अंजाम दिया था। बाजारों में लोगों की भीड़ आरोपियों को देखने के लिए जुट गई। सिविल लाइन थाना पुलिस आरोपियों को मुख्य सड़क से लेकर करीब 200 मीटर अंदर पैदल ही लेकर गई। निशानदेही के दौरान मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए।

पुलिस ने बीते दिन 5 आरोपियों को गिरफ्तार करके उनके सिर मुंडवाए थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल उर्फ गोल्डन, मोहित उर्फ रोज, काकू उर्फ मंगल, मोहित उर्फ भैया और आकाश निवासी हिसार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लाठी-डंडे और तेजधार हथियार भी बरामद किए हैं।

पहले जानिए VIDEO में क्या दिख रहा…

वीडियो में 5-6 युवक हाथों में गंडासा, लोहे की रॉड और चाकू लेकर घर में घुसते दिखाई दे रहे हैं। युवक अंदर मौजूद दोनों भाइयों पर हमला करते हैं। एक बुजुर्ग महिला उन्हें रोकने और बचाने का प्रयास करती है, लेकिन युवक नहीं रुकते। आसपास के लोग भी मौके पर दिखाई देते हैं, लेकिन हमले के दौरान कोई बीच-बचाव करता नजर नहीं आता।

मारपीट के बाद कुछ युवक घर के बाहर गली में खड़े दिखाई दे रहे हैं। उनके हाथों में हथियार नजर आ रहे हैं। वीडियो में युवक हथियार लहराते हुए दिखाई देते हैं। वहीं, पीड़ितों के घर के बाहर कांच के टुकड़े और टूटा हुआ दरवाजा भी नजर आ रहा है।

सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला…

परचून की दुकान चलाते हैंः दोनों भाइयों की पहचान पटेल नगर निवासी सुनील (40) और सोनू (38) के रूप में हुई। दोनों घर के पास ही एक साथ परचून की दुकान चलाते हैं। दोनों को कई दिन से दबंग फोन कर मंथली देने को कहते थे, लेकिन ये हर बार इनकार कर देते थे।

3 लाख रुपए मंथली मां अस्पताल में भर्ती सोनू ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि कार्तिक और उसके साथी पिछले 3-4 महीनों से उन्हें परेशान कर रहे थे। आरोप है कि उनसे हर महीने 3 लाख रुपए मांगे जा रहे थे।

कार में बैठे भाइयों को घेरा, पेट में चाकू माराः बुधवार रात 10 बजे के करीब दोनों भाई कार में बैठे थे, तभी 5-6 युवकों ने पीछे से हमला कर दिया। सोनू के सिर और हाथ पर गंडासे व लाठियों से वार किए गए। भाई सुनील के पेट में चाकू और गंडासा मारा गया। सुनील की हालत गंभीर बताई गई है।

मना किया तो जान से मारने की धमकी दीः सोनू के मुताबिक, आरोपियों ने पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। बुधवार शाम भी फोन कर पैसे देने का दबाव बनाया गया था। सोनू की पत्नी के मुताबिक, उनके पति ने कहा था कि उनके पास इतने पैसे नहीं हैं और वे इतनी बड़ी रकम कहां से लाएंगे। इसके कुछ देर बाद दोनों भाइयों को घेरकर हमला कर दिया गया।

पत्नी बोली- डंडों और चाकू से बुरी तरह माराः घायल सुनील की पत्नी ने बताया कि आरोपियों ने उसके पति और देवर पर डंडों और चाकू से हमला किया। हमले के बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वे इलाके में पिस्तौल लेकर घूमते हैं।