- 30 लोग राजस्थान के बागड़ धाम जा रहे थे
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के कुरुक्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 4 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। जबकि कई श्रद्धालु घायल हो गए। गुरुवार को करीब 30 श्रद्धालु कुरुक्षेत्र से राजस्थान के बागड़ धाम जा रहे थे। इसी दौरान पिंडासरी गांव के पास ये हादसा हुआ।
ट्रॉली पलटते ही मौके पर चीख पुकार मच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को ट्रॉली से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि कुछ लोग ट्रॉली के नीचे भी दब गए। इसके बाद सभी को तुरंत LNJP अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों की टीम ने 3 महिलाओ और एक बच्चे को मृत घोषित कर दिया। कई श्रद्धालुओं का इमरजेंसी वार्ड में इलाज चल रहा है। 2 महिलाओं की हालत सीरियस बताई जा रही है।
बस अड्डे के पास हुआ हादसा
कुरुक्षेत्र के कलाल माजरा सेक्टर-30 से सभी श्रद्धालु राजस्थान के हनुमानगढ़ स्थित गोगामेड़ी मंदिर जा रहे थे। कुरुक्षेत्र- कैथल रोड पर पिंडारसी गांव में बस अड्डे के पास ओवरटेक करने के चक्कर में एक लकड़ी से भरी एक ट्रॉली श्रद्धालुओं की ट्रॉली से टकरा गई।
जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसा इतना भयावह था कि ट्रॉली पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में 3 महिलाओं, एक बच्चा की मौत
मृतकों में लीला देवी (58), बाला देवी (50), बहोती देवी (60) और एक बच्चा शामिल है। लीला देवी कलाला माजरी की रहने वाली है। वहीं, बाला देवी करनाल के जुंडला की रहने वाली थी, वे बागड़ धाम जाने के लिए लीला के यहां रिश्तेदारी में आई थी।