September 24, 2026
24 sep 16
  • 5 से 25 दिसंबर तक चलेगा, कुरुक्षेत्र में सीएम ने पिया टंकी का पानी

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में 21 दिन का अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 5 दिसंबर से शुरू होगा। इस 11वें महोत्सव के आयोजन के लिए गुरुवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गीता ज्ञान संस्थानम् में धार्मिक, सामाजिक और व्यापारिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर महोत्सव की तैयारियों पर मंथन किया।

महोत्सव में 5 से 25 दिसंबर तक आर्ट एंड क्राफ्ट मेला लगेगा और 14 से 20 दिसंबर तक मुख्य कार्यक्रम होंगे। इनमें गीता यज्ञ, गीता पाठ, प्रदर्शनी और संत सम्मेलन समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव में पहली बार देशभर के स्कूलों और यूनिवर्सिटी के करीब 10 लाख स्टूडेंट्स को जोड़ने की तैयारी है।

285 संस्थाओं के प्रतिनिधि पहुंचे

बैठक में 285 संस्थाओं के प्रतिनिधियों को बुलाया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव केवल सरकार का कार्यक्रम नहीं, बल्कि कुरुक्षेत्र के हर नागरिक और सामाजिक-धार्मिक संस्था का अपना उत्सव है। उन्होंने संस्थाओं से सुझाव भी मांगे कि महोत्सव को ऐसा कैसे बनाया जाए कि देश-विदेश से आने वाला हर व्यक्ति कुरुक्षेत्र से गीता का संदेश लेकर जाए।

दिल्ली व पश्चिम बंगाल स्टेट पार्टनर

कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड (KDB) के मानद सचिव उपेंद्र सिंघल ने कहा कि महोत्सव में 50 से ज्यादा विदेशी कारीगर शामिल होंगे। विदेशों से विद्वानों को भी बुलाया जाएगा। इस बार पश्चिम बंगाल और दिल्ली स्टेट पार्टनर होंगे। अभी कंट्री पार्टनर तय नहीं हुआ है। पहली बार नेवी, एयरफोर्स और इसरो अपनी प्रदर्शनी लगाएंगे।

गीता के रंग में रंगी होगी नगरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि महोत्सव शुरू होने से पहले ही कुरुक्षेत्र को गीता के रंग में रंगा जाएगा। शहर के चौक-चौराहों पर महाभारत की थीम पर चित्र और पेंटिंग लगाई जाएंगी। गीता हमें अपने कर्तव्य के प्रति जागरूक करती है। परिस्थितियां कैसी भी हों, धैर्य, विवेक और निष्ठा के साथ अपना कर्म करते रहे। महोत्सव की तैयारियों में भी इसी भावना के साथ काम करना होगा।

बैठक से पहले कनीपला स्कूल पहुंचे सीएम

गीता महोत्सव की बैठक से पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कनीपला के गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल पहुंचे। यहां उन्होंने चित्र प्रदर्शनी, पेंटिंग और रंगोली का अवलोकन किया। इसी दौरान मुख्यमंत्री ने स्कूल की पानी की टंकी से पानी पिया। उन्होंने कहा कि पानी पीते हुए उन्हें अपने स्कूल के दिन याद आ गए।

400 करोड़ से बन रहे 150 स्कूल के भवन

उन्होंने कहा कि सरकार सरकारी स्कूलों के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए 400 करोड़ रुपए की लागत से 150 नए स्कूल भवन बनाने का काम कर रही है। सरकार का संकल्प है कि सरकारी स्कूलों से निकलने वाला हर बच्चा अपने सपनों की ऊंची उड़ान भरे।