- कैथल NIILM यूनिवर्सिटी में रिवॉल्वर लेकर पहुंचे, बेटी के लाइसेंस की भी होगी जांच
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणवी सिंगर कर्मवीर फौजी के लाइसेंसी हथियार जब्त करने के बाद अब प्रशासन लाइसेंस रद्द करने की तैयारी में है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की ओर से दो टीमें लगाकर मामले की जांच की गई। जांच में पाया गया कि दोनों असलहे लाइसेंसी थे, जिन्हें जब्त कर लिया गया।
कार्यक्रम में हथियार लेकर जाने के संबंध में कर्मवीर से पूछताछ भी की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले में जो भी आगामी कार्रवाई होगी, वह की जाएगी। पुलिस ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति लाइसेंसी हथियार लेता है, तो उसका मिसयूज न करे और बच्चों को न दे। कोई भी बुराई हो, वह बुरा काम करने से ही समाज में फैलती है।
सिंगर कर्मवीर की पत्नी वाइस चेयरपर्सन
बता दें कि कर्मवीर फौजी के असलहे पुलिस ने जब्त कर लिए हैं। उनका एक वीडियो सामने आया था। जिसमें कर्मवीर और उनकी बेटी रिवॉल्वर टांगे हुए नजर आए। कर्मवीर फौजी के पास खड़ा एक युवक भी गन लिए दिखाई दिया। कर्मवीर फौजी बेटी शीतल के साथ कैथल की NIILM यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम में पहुंचे थे।
कर्मवीर फौजी की पत्नी सोनिया रानी कैथल जिला परिषद की वाइस चेयरपर्सन हैं। बेटी के रिवॉल्वर टांगने को लेकर कर्मवीर फौजी से सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा, लाइसेंस मेरा है। बेटी मेरे साथ है। मेरी बेटी है तो उसने अपनी जेब में डाल लिया। वह मेरे पास ही खड़ी है। मैं वाइस चेयरमैन हूं। गाने भी गाता हूं। मैं अपनी बंदूक लेकर घूम रहा हूं।
हरियाणा में गन कल्चर वाले गाने बैन हो चुके
2025 में हरियाणा पुलिस ने गन, गैंग और हिंसा को बढ़ावा देने वाले गानों पर कार्रवाई शुरू की। शुरुआत में 67 गाने चिन्हित किए गए। इनमें 29 सिंगरों के गाने शामिल थे।
इन गानों को यूट्यूब समेत म्यूजिक प्लेटफॉर्म से हटाने/ब्लॉक कराने की कार्रवाई की गई। लिस्ट में मासूम शर्मा, अमन राज गिल, आशु ट्विंकल, मनीषा शर्मा, नरेंद्र भगाना और अमित सैनी रोहतकिया समेत 29 सिंगर शामिल थे। पुलिस का कहना था कि ऐसे गानों से युवाओं में गन और गैंग कल्चर को बढ़ावा मिल सकता है।