- केंद्र सरकार ने मांगे आवेदन, 25 से 29 जनवरी तक होगी ट्रेनिंग
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा कैडर के आईएएस (IAS) अधिकारियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ट्रेनिंग हासिल करने का बुलाया गया है। केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय (आर्थिक कार्य विभाग) की ओर से ‘सप्लाई चेन रेजिलिएंस’ विषय पर 5 दिवसीय ट्रेनिंग प्रोग्राम आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 25 जनवरी से 29 जनवरी 2027 तक सिंगापुर में आयोजित होगा।
इस संबंध में हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव कार्यालय के प्रशिक्षण विभाग ने 14 सितंबर 2026 को पत्र जारी कर राज्य के सभी IAS अधिकारियों को आवेदन करने के निर्देश दिए हैं।
सिर्फ 2 सीटें, सिंगापुर और जापान उठाएंगे पूरा खर्च: ट्रेनिंग का पूरा खर्च जापान-सिंगापुर पार्टनरशिप प्रोग्राम और जेआईसीए वहन करेंगे। चयनित अधिकारियों को इकोनामी क्लास की एयर टिकट, रुकने की जगह, लोकल ट्रांसपोर्ट, मेडिकल इंश्योरेंस और 130 सिंगापुर डॉलर (प्रतिदिन) का दैनिक भत्ता दिया जाएगा इस ट्रेनिंग प्रोग्राम के लिए पूरे भारत से केवल 2 अधिकारियों का चयन किया जाएगा।
आवेदन के लिए रखीं हैं शर्त्त: ट्रेनिंग की अवधि 1 सप्ताह की है, इसलिए अधिकारी की सरकारी सेवा के कम से कम 5 वर्ष पूरे होने चाहिए। आवेदन करने की तिथि तक अधिकारी की उम्र 58 वर्ष से कम होनी चाहिए।आवेदन पत्र के साथ विजिलेंस क्लीयरेंस और विभाग की सिफारिश होना आवश्यक है।
25 तक कर सकेंगे आवेदन: योग्य अधिकारियों को सबसे पहले वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर 2026 है। फॉर्म की प्रिंटेड कॉपी, DEA प्रोफॉर्मा और चेकलिस्ट के साथ 18 अक्टूबर 2026 से पहले वित्त मंत्रालय के उप सचिव विजय शंकर उपाध्याय (कर्तव्य भवन-1, नई दिल्ली) के पास उचित माध्यम से पहुंच जानी चाहिए।
क्यों खास ट्रेनिंग
ग्लोबल सप्लाई चेन में आने वाली रुकावटों से निपटने, आर्थिक सुरक्षा मजबूत करने और डिजिटल तकनीकों का उपयोग करने के लिए मिड से सीनियर लेवल अधिकारियों को ट्रेंड करना इसका मुख्य उद्देश्य है। इसमें सिंगापुर और जापान के विशेषज्ञ केस स्टडी, ग्रुप डिस्कशन और साइट विजिट के जरिए अधिकारियों को पढ़ाएंगे।